द फॉलोअप डेस्क
कांग्रेस नेता राहुल गांधी (Rahul Gandhi) 14 जनवरी से भारत जोड़ो न्याय यात्रा निकालने जा रहे हैं। राहुल गांधी की यह यात्रा फरवरी में झारखंड से भी होकर निकलेगी। राहुल गांधी के साथ न्याय यात्रा में सीएम हेमंत सोरेन (CM Hemant Soren) भी शामिल होंगे। इस संबंध में कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर (Rajesh Thakur) ने बताया है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी राहुल गांधी की न्याय यात्रा में शामिल होने का न्योता भी दिया है। मुख्यमंत्री ने इसके लिए सहमति भी दे दी है।
झारखंड में 8 दिन रहेंगे राहुल गांधी
अपनी यात्रा के दौरान राहुल गांधी झारखंड में 8 दिन रहेंगे। झारखंड के पांच प्रमंडलों के 13 जिलों में राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा होगी। फरवरी की शुरुआत में न्याय यात्रा का कारवां झारखंड के 'संतालपरगना पहुंचेगा। आठ दिनों की यात्रा में 804 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। कांग्रेस कमेटी ने इसका शिड्यूल जारी कर दिया है। 14 जनवरी से मणिपुर के इंफाल से यात्रा शुरू होगी। 20 मार्च को मुंबई में इसका समापन होगा। झारखंड में दो चरणों में यह यात्रा होगी। पहले चरण में 11 जिलों में यात्रा निकाली जाएगी, जबकि दूसरे चरण में पलामू-गढ़वा में यात्रा पहुंचेगी फिर बिहार निकल जाएगी। झारखंड के दुमका, जामताड़ा, गिरिडीह, धनबाद, बोकारो, रामगढ़, रांची, खूंटी, सरायकेला, जमशेदपुर, चाईबासा, पलामू और गढ़वा में न्याय यात्रा का कारवां जाएगा। इसके लिए यात्रा में इंडिया गठबंधन के नेताओं को भी न्योता दिया गया है।
100 लोकसभा और 337 विधानसभा क्षेत्र से गुजरेगी यात्रा
राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 14 जनवरी को मणिपुर की राजधानी इंफाल से शुरू होगी और 6,713 किमी की यात्रा तय करेगी। इस दौरान 100 से ज्यादा लोकसभा और 337 विधानसभा सीटों का दौरा करेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा इस दौरान 110 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा का समापन 20-21 मार्च को मुंबई में होगा।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\