द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
ग्रेटर नोएडा में यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती स्लीपर बस में अचानक आग लगने से हड़कंप मच गया। हादसा जीरो पॉइंट से करीब 32 किलोमीटर आगे जेवर थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की देर रात करीब 11:30 बजे हुआ। बताया जा रहा है कि बस में कुल 35 यात्री सवार थे, जिनमें से 26 यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि हादसे में 9 लोगों की जान चली गई। बस एक्सप्रेसवे से गुजर रही थी, तभी अचानक उसमें आग लग गई और देखते ही देखते आग ने बस के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया। आग फैलते ही यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। कुछ यात्रियों ने बस से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि, बस को पूरी तरह ठंडा करने के लिए कूलडाउन की प्रक्रिया जारी रही।

मृतकों में एक महिला और 8 पुरुष शामिल
जेवर पुलिस के मुताबिक, इस दर्दनाक हादसे में 9 लोगों की मौत हुई है। मृतकों में एक महिला और 8 पुरुष शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर राहत और बचाव कार्य चलाया गया। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीमें मौके पर मौजूद हैं। पुलिस घटना में बचे यात्रियों से पूछताछ कर हादसे से जुड़ी जानकारी जुटा रही है। फिलहाल बस में आग लगने की वजह सामने नहीं आई है। पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही आग लगने के कारणों की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, हादसे का शिकार हुई बस राज कल्पना ट्रैवल्स की बताई जा रही है। बस का पंजीकरण नंबर BR32 PA8647 बताया गया है और रिपोर्ट्स के अनुसार यह बस दिल्ली से महोबा जा रही थी।

सीएम योगी ने लिया संज्ञान
ग्रेटर नोएडा में हुए इस बस हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई और अधिकारियों को घायलों को बेहतर एवं जरूरी चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि घायलों के इलाज में किसी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और उन्हें हर संभव चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति भी संवेदना व्यक्त करते हुए प्रशासन को जरूरत के मुताबिक हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, राज कल्पना ट्रैवल्स की बसों का उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न रूटों पर संचालन होता है। हालांकि, बस के संचालन और हादसे से जुड़े अन्य विवरणों की आधिकारिक पुष्टि संबंधित विभागों की जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।