logo

चंद्रयान- 3 की सफल लैंडिंग पर गवर्नर और मुख्यमंत्री सहित अन्य नेताओं ने देश को दी बधाई 

CH_S.jpeg

द फोलोअप डेस्क 

देश के लिए गर्व व गौरव का पल बताया

रांची – चंद्रयान- 3 की सफलता पर राज्य के गवर्नर सीपी राधाकृष्णन सहित अन्य नेताओं ने खुशी जाहिर की है और इसे देश के लिए गर्व व गौरव का पल बताया है। गवर्नर सीपी राधाकृष्णन ने इस मौके पर देशवासियों को बधाई देते हुए कहा है कि इसरो परिवार के सभी वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं। इसरो की इस उल्लेखनीय उपलब्धि पर देश के हर नागरिक को गर्व है। 

सीएम ने सफल लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग देखी 

मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने भारत के मिशन चंद्रयान- 3 की चांद के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की लाइव स्ट्रीमिंग देखी। मुख्यमंत्री ने हर्ष व्यक्त करते हुए कहा- अद्भुत!! अविस्मरणीय!! तिरंगे की आन-बान और शान चंद्रमा पर पहुंच गया। देश के हमारे महान वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत, दृढ़ता और लगन की बदौलत चंद्रयान-3 आज चंद्रमा पर उतर गया। अंतरिक्ष महाशक्ति के रूप में देश एक बार फिर पुरजोर तरीके से स्थापित हो गया है। इस ऐतिहासिक अवसर पर इसरो की पूरी टीम सहित समस्त देशवासियों को अनेक-अनेक बधाई और जोहार।

140 करोड़ देशवासियों के समर्थन का क्षण 

पूर्व मुख्यमंत्री व भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी ने कहा कि आज हम सब एक एैतिहासिक क्षण के साक्षी बने हैं। यह क्षण अभूतपूर्व है। यह क्षण नये भारत के शंखनाद का है। ये क्षण सफलता के चंद्र पथ पर चलने का है। यह क्षण 140 करोड़ देशवासियों के समर्थन का है। 

रघुवर दास ने प्रधानमंत्री के योगदान की सराहना की
पूर्व मुख्यमंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास ने कहा है कि चंद्रयान की इस सफलता के बाद आगामी पीढ़ी के लिए "चंदा मामा दूर के" नहीं रहेंगे। अभियान की इस अभूतपूर्व सफलता के लिए इसरो के सभी वैज्ञानिकों और इस मिशन से जुड़े सभी साथियों को बहुत-बहुत बधाई व शुभकामनाएं। माननीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के कुशल मार्गदर्शन में देश लगातार नयी ऊंचाइयों को छू रहा है।

झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने नेहरू की उपलब्धि बतायी 

झारखंड कांग्रेस के अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री आदरणीय पंडित नेहरू जी ने ISRO की नींव रखी। यह उनकी दूरदर्शिता का ही परिणाम है कि आज चांद पर भी देश ने तिरंगा लहराकर विश्व में नया कीर्तिमान स्थापित किया। चंद्रमा की सतह पर चंद्रयान-3 के सफलतापूर्वक उतरने पर ISRO के वैज्ञानिक सहित सभी देशवासियों को बधाई।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N