logo

लड़कियों की आवाज, खूबसूरत प्रोफाइल पिक्चर और फ्रेंड रिक्वेस्ट...फिर ब्लैकमेल, हनी ट्रैप का नया जाल 

FAKE11.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड की जमशेदपुर पुलिस ने तीन ऐसे लड़कों को गिरफ्तार किया है, जो हनी ट्रैप के जैसा जाल बिछाकर धनी लोगों को ब्लैकमेल कर रहे थे। ये लड़के फेसबुक और दूसरे डिजिटल प्लेटफार्म पर खूबसूरत लड़कियों की तस्वीर लगाकर फेक अकाउंट खोलते थे। इसके बाद लोगों को फ्रेंड रिक्वेस्ट भेजते थे। नसे दोस्ती कर उनको न्यूड और अश्लील वीडियो, मैसेज व फोटोग्राफ्स भेजते थे। दूसरी ओर से रिप्लाई आते ही ये लोग उनको ब्लैकमेल करना शुरू कर देते थे। लोगों को फंसाने के लिए ये लड़के बीच-बीच में संभावित शिकार से फोन से बात भी करते थे। ऐसे करते समय वे लड़कियों की तरह पतली आवाज में बात करते थे। हैरान करने वाली बात ये है कि ये तीनों ही लड़के स्टूडेंट हैं। हालांकि इनमें से एक ड्राप आउट स्टूडेंट है। 

इनकी हुई है गिरफ्तारी 
जमशेदपुर पलिस से मिली जानकारी के अनुसर तीनों लड़के लगभग दर्जन लोगों को ब्लैकमेल कर रहे थे। इसमें राजस्थान, बिहार, उत्तर प्रदेश और ओडिशा तक के लोग शामिल हैं। गिरफ्तार तीनों आरोपियों के नाम हैं, जगजीत सिंह, आसिफ रजा और समीर रजा हैं। ये तीनों आरोपी क्रमश: परसुडिह, गोलपहाड़ी औऱ शंकरपुर के रहने वाले हैं। तीनों की उम्र 18 से 20 साल के बीच है। मिली खबर के मुताबिक इनमें से दो अभी भी स्कूल में पढ़ाई कर रहे हैं। 

साइबर क्राइम के तहत मामला दर्ज 
एसएसपी कौशल किशोर ने इस मामले में बताया है कि ये लोग हनी ट्रैप के स्टइल में काम करते थे। लोगों को फंसाने के लिए खुद को खूबसूरत लड़की के रूप में प्रस्तुत करते थे। इनके पास से दो मोबाइल बरामद किये गये हैं। एक मोबाइल में तीन नकली इंस्टाग्राम अकाउंट मिले हैं। साथ ही एक फेक व्हाट्सऐप आईडी भी मिला है। इन सभी से लोगों को अश्लील फोटो, वीडियो क्लिप और मैसेज किये गये हैं। तीनों आरोपियों के खिलाफ साइबर क्राइम का मामला दर्ज किया गया है। खबर लिखे जाने तक पुलिस इनसे पूछताछ कर रही है। फिलहाल पुलिस ने अतिरिक्त जानकारी देने से मना किया है।