logo

बजट: : आवास-कृषि-परिवहन-टैक्स सहित किस सेक्टर में क्या मिला, क्या सस्ता और क्या महंगा! 

agriculture.jpg

दिल्ली: 

वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आम बजट पेश किया। वित्त मंत्री ने कहा कि बजट में अगले 25 साल का ब्लूप्रिंट है। उन्होंने कहा कि अर्थव्यवस्था में निजी निवेश को बढ़ावा देना हमारा प्राथमिक लक्ष्य है। वित्त मंत्री ने कहा कि अगले 100 साल के लिए ढांचागत सुविधा को बढ़ाने पर हमारा जोर होगा। उन्होंने कहा कि देश में कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के लिए पीएम गतिशक्ति योजना का मास्टर प्लान तैयार किया गया है। वित्त मंत्री ने ये भी कहा कि 60 लाख नई नौकरियों का सृजन किया जायेगा।

वित्त मंत्री ने बताया कि वित्तीय वर्ष 2022-23 में जीडीपी 9.2 फीसदी रहने का अनुमान है। वित्त मंत्री ने बजट भाषण में कहा कि मोबाइल फोन, चार्जर और कृषि का सामान सस्ता होगा। 

इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं
वर्चुअल करेंसी पर बड़ा टैक्स लगेगा। वर्चुअल कमाई पर 30 फीसदी टैक्स देना होगा। आईटीआर में भूल सुधार का लक्ष्य। टैक्स में विवाद पर निपटारे की नई व्यवस्था लाई जायेगी। स्टार्टअप को टैक्स छूट में 1 साल की मियाद बढ़ाई गई। एलटीसीजी सरचार्ज पर 15 फीसदी टैक्स लगेगा। कॉर्पोरेट टैक्स 15 फीसदी से घटाकर 12 फीसदी किया गया। क्रिप्टो करेंसी पर 30 फीसदी टैक्स। क्रिप्टो में घाटा होने पर भी टैक्स का भुगतान करना होगा। क्रिप्टो करेंसी को टैक्स के दायरे में लाया गया।

उपहार में मिली क्रिप्टो करेंसी पर भी टैक्स का भुगतान करना होगा। 2022 में रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया डिजिटल करेंसी लांच करेगा। महामारी के बावजूद जीएसटी कलेक्शन में रिकॉर्ड बढ़ोत्तरी। 2022 के लिए जीएसटी कलेक्शन 1.40 लाख करोड़ का लक्ष्य। कोविड के बावजूद अर्थव्यवस्था में सुधार। बजट से इनकम टैक्स में कोई राहत नहीं मिली। इनकम टैक्स स्लैब में कोई बदलाव नहीं किया गया है। 

2022-23 तक 25 हजार किमी हाईवे का विस्तार
वित्त मंत्री ने कहा कि 2022-23 में हाईवे विस्तार के लिए बड़ा निवेश किया जायेगा। उन्होंने कहा कि नेशनल हाईवे का विस्तार 25 हजार किमी तक किया जायेगा। वित्त मंत्री ने बताया कि हाईवे विस्तार के लिए कुल 20 हजार करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। अगले 3 साल में 400 नई वंदे भारत ट्रेन चलाई जाएंगी। रेलवे का विकास पीपीपी मॉडल पर किया जायेगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बताया कि पांच नदियों को जोड़ने की भी योजना है।

जल परिवहन के दृष्टिकोण से ऐसा किया जा रहा है। वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट स्किम लाई जा रही है। स्टेशनों के बीच मल्टी लेवल कनेक्टिविटी की सुविधा दी जायेगी। केन बेतवा प्रोजेक्ट को 1400 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया। 

2023 तक देश में 100 फीसदी ऑप्टिकल फाइबर
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि प्रत्येक गांव में ऑप्टिकल फाइबर का जाल बिछाया जायेगा। उन्होंने कहा कि 2023 तक देश में 100 फीसदी ऑप्टिकल फाइबर का लक्ष्य तय किया गया है। पीएम आवास योजना का विस्तार किया जायेगा। योजना के तहत 80 लाख नए मकान बनाने का लक्ष्य है। इसके लिए बजट में 4800 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 2 लाख आंगनबाड़ी का विकास किया जायेगा।

हर घर नल योजना का विस्तार किया जायेगा। इसके लिए बजट में 60 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। 2022-23 में साढ़े 5 करोड़ घरों तक नल के जरिये पेयजल पहुंचाने की योजना है। वित्त मंत्री ने बताया कि महिला शक्ति के लिए 3 नई योजनाएं तैयार हैं। 

विद्यार्थियों के लिए डिजिटल यूनिवर्सिटी की स्थापना
वित्त मंत्री ने कहा कि शिक्षा में भी आमूल-चूल बदलाव किए जायेंगे। 1 राष्ट्र 1 रजिस्ट्रेशन की पॉलिसी लाई जायेगी। हर किसी तक डिजिटल शिक्षा की पहुंच सुनिश्चित की जायेगी। छात्रों के लिए पीएम ई विद्या स्किम लांच की जा रही है। इसके लिए 200 चैनल बनेंगे। शिक्षा को बढ़ाने के उद्देश्य से डीटीएच सुविधा का विस्तार किया जायेगा। वन क्लास वन टीवी चैनल की तर्ज पर पढ़ाई होगी। 750 नए ई-लैब्स बनाने की योजना है। मौजूदा पांच शैक्षणिक संस्थानों का विकास किया जायेगा।

छात्रों के लिए डिजिटल यूनिवर्सिटी बनाई जायेगी। कौशल विकास के लिए ई-पोर्टल बनाया जायेगा। स्टार्टअप्स के लिए ड्रोन शक्ति योजना लाई जा रही है। मेक इन इंडिया के तहत 60 लाख नौकरियों का सृजन किया जायेगा। 

न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत रिकॉर्ड खरीददारी होगी
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने अपने बजट भाषण में कहा कि किसानों से न्यूनतम समर्थन मूल्य के तहत रिकॉर्ड खरीददारी की जायेगी। एमएसपी की राशि सीधे किसानों के खाते में भेजी जायेगी। जमीन के दस्तावेजों का डिजिटलीकरण होगा। कृषि सेक्टर में काम करने वालों को डिजिटल सेवा मिलेगी। खेती के लागत में कमी लाई जायेगी। कृषि सेक्टर में तकनीक को बढ़ावा दिया जायेगा। ऑर्गेनिक कृषि को बढ़ावा दिया जायेगा। गंगा नदी के किनारे ऑर्गेनिक कृषि का बढ़ावा दिया जायेगा।

फल उत्पादन को बढ़ावा देने के लिए स्पेशल पैकेज दिया जायेगा। एग्रीकल्चर यूनिवर्सिटी की स्थापना को बढ़ावा दिया जायेगा ताकि कृषि सेक्टर में रिसर्च को बढ़ावा मिले। 

रक्षा क्षेत्र में रक्षा रिसर्च के लिए 25 फीसदी बजट होगा
बजट भाषण में निर्मला सीतारमण ने बताया कि गांवों को ऑप्टिकल फाइबर से जोड़ने की योजना है। रक्षा रिसर्च के लिए 25 फीसदी बजट का प्रावधान किया गया है। रक्षा और अनुसंधान क्षेत्र में रिसर्च को बढ़ावा दिया जायेगा। 

शहरों में जन परिवहन को बेहतर बनाने का लक्ष्य है
वित्त मंत्री ने बताया कि शहरों के जन परिवहन को बेहतर बनाया जायेगा। उन्होंने कहा कि आजादी के 100वें वर्ष में देश की पचास फीसदी आबादी शहरों में होगी। शहरी क्षमता निर्माण के लिए राज्यों को सहायता दी जायेगी। पहाड़ी इलाकों के लिए पर्वतमाला योजना लाई जा रही है। वित्त मंत्री ने बताया कि हमने एअर इंडिया का विनिवेश पूरा किया। 

बैंकिंग सेक्टर में किया जायेगा बहुत सारा नया बदलाव
वित्त मंत्री ने बैंकिंग सेक्टर को लेकर भी कई ऐलान किए। कहा कि पोस्ट ऑफिस को बैंकों से जोड़ने की योजना है। डाक घरों में एटीएम की स्थापना की जायेगी। 75 जिलों में डिजिटल बैंकिंग यूनिट की स्थापना की जायेगी। डाक घरों में कोर बैंकिंग की सुविधा दी जायेगी। ई-पासपोर्ट बनाया जायेगा। 2022-23 में चीप ई-पासपोर्ट बनाया जायेगा ताकि विदेश यात्रा में सुविधा मिले।