धनबाद में इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती के बाद एक लड़की को निजी फोटो और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का मामला सामने आया है। आरोप है कि मोतिहारी के रहने वाले लड़के ने लड़की के निजी फोटो-वीडियो हासिल करने के बाद उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देकर दबाव बनाना शुरू कर दिया। शिकायत मिलने के बाद धनसार थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी को मोतिहारी से गिरफ्तार कर लिया।

निजी फोटो शेयर करना पड़ा भारी
दरअसल, धनसार थाना क्षेत्र की रहने वाली लड़की की इंस्टाग्राम के जरिए मोतिहारी निवासी लड़के से दोस्ती हुई थी। दोनों के बीच बातचीत बढ़ी और धीरे-धीरे नजदीकियां भी बढ़ने लगीं। इसी दौरान आरोपी के पास लड़की के कुछ निजी फोटो और वीडियो पहुंच गए। आरोप है कि बाद में लड़का इन्हीं फोटो और वीडियो को सोशल मीडिया पर वायरल करने की धमकी देने लगा। धमकी से परेशान लड़की ने धनसार थाना पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
.jpeg)
पुलिस की पड़ताल में हुए ये खुलासे
शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्यों और दूसरे सुरागों की मदद से पुलिस को आरोपी के मोतिहारी में होने की जानकारी मिली। इसके बाद धनसार थाना की टीम मोतिहारी पहुंची और नेपाल बॉर्डर के पास से आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को धनबाद लाया गया, जहां जरूरी कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया। कोर्ट के आदेश पर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस की इस कार्रवाई से साफ है कि सोशल मीडिया के जरिए होने वाली दोस्ती में निजी तस्वीरें और वीडियो साझा करते समय बेहद सावधानी बरतना जरूरी है। किसी भी तरह की धमकी या ब्लैकमेलिंग की स्थिति में पीड़ित को तुरंत पुलिस से शिकायत करनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: फॉर्म भरने के 3 साल बाद भी नहीं हुई BSSC परीक्षा, पटना में अभ्यर्थी कर रहे जोरदार प्रदर्शन