पटना में BSSC परीक्षा में लगातार हो रही देरी के खिलाफ अभ्यर्थियों का आंदोलन मंगलवार को शुरू हो गया। परीक्षा फॉर्म भरने के करीब तीन साल बाद भी परीक्षा आयोजित नहीं होने से नाराज बड़ी संख्या में अभ्यर्थी गांधी मैदान के गेट नंबर 12 से सड़क पर उतर आए। भारी बारिश के बावजूद छात्र अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन करते नजर आए। कई अभ्यर्थियों के हाथों में तिरंगा भी दिखा। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थी पुलिस की ओर से की गई बैरिकेडिंग तक पहुंच गए। इस दौरान कई अभ्यर्थी बैरिकेडिंग पर चढ़ते हुए भी नजर आए। प्रदर्शनकारी अभ्यर्थियों का कहना है कि वे लंबे समय से परीक्षा का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक परीक्षा की प्रक्रिया आगे नहीं बढ़ी है। इसी के विरोध में उन्हें आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ा है।

अभ्यर्थियों में दिखा आक्रोश
अभ्यर्थियों ने कहा कि अगर उनके आंदोलन को आगे बढ़ने नहीं दिया गया तो वे मौके पर ही डटे रहेंगे। छात्रों ने इसे अपना 'मौन आंदोलन' बताया और कहा कि वे शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार तक पहुंचाना चाहते हैं। प्रदर्शन के दौरान अभ्यर्थियों में काफी नाराजगी भी देखने को मिली। एक प्रदर्शनकारी ने कहा, "सरकार भूखे मारना चाहती है, पुलिस ही मार दे।" अभ्यर्थियों का कहना है कि परीक्षा में लगातार देरी की वजह से उनका भविष्य अंधेरे में है और लंबे समय से तैयारी कर रहे छात्रों के सामने परेशानी बढ़ती जा रही है।

डाकबंगला और जेपी गोलंबर पर भारी पुलिस बल तैनात
अभ्यर्थियों के प्रदर्शन को देखते हुए पटना में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। डाकबंगला और जेपी गोलंबर समेत प्रमुख इलाकों में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिसकर्मी हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर और ढाल समेत दंगा नियंत्रण उपकरणों के साथ मुस्तैद हैं। फिलहाल अभ्यर्थी अपनी मांगों को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं और परीक्षा जल्द आयोजित कराने की मांग पर अड़े हुए हैं। भारी बारिश के बीच भी प्रदर्शन जारी रहने से राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।
यह भी पढ़ें: गया जंक्शन पर लड़की के बैग से 15.8 किलो गांजा बरामद, तेजस राजधानी से कर रही थी सफर