द फॉलोअप डेस्क
एयर इंडिया की लापरवाही अब उस पर भारी पड़ने लगी है। नागर विमानन महानिदेशालय (DGCA) ने फ्लाइट क्रू की ड्यूटी शेड्यूल तय करने में गंभीर लापरवाही के मामले में 3 अधिकारियों को तत्काल हटाने का निर्देश दिया है। ये सभी अधिकारी क्रू की ड्यूटी और रोस्टर बनाने की जिम्मेदारी संभाल रहे थे।
DGCA ने जांच में पाया कि एयर इंडिया ने कई बार उड़ान संचालन के नियमों का उल्लंघन किया। चालक दल को तय मानकों से ज्यादा समय तक ड्यूटी पर रखा गया, जिससे उड़ानों की सुरक्षा पर खतरा बढ़ गया। DGCA ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कार्रवाई की। DGCA ने एयर इंडिया से कहा है कि इन 3 अधिकारियों के खिलाफ आंतरिक अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाए और 10 दिनों के अंदर इसकी रिपोर्ट भेजी जाए। नियामक ने स्पष्ट किया है कि अब ऐसी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। फ्लाइट क्रू के लिए विश्राम के नियम सख्त होते हैं। बिना पर्याप्त ब्रेक के लागतार ड्यूटी पर रहने से उनकी कार्यक्षमता पर असर पड़ता है, जिससे उड़ान सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है।
जानकारी हो कि एयर इंडिया ने 21 जून से 15 जुलाई के बीच 16 अंतरराष्ट्रीय रूट्स पर उड़ानों की संख्या घटाने और 3 विदेशी शहरों के लिए उड़ानें पूरी तरह बंद करने की घोषणा की है। एयरलाइन का कहना है कि यह फैसला उड़ानों की समयसारिणी को स्थिर करने और यात्रियों को अंतिम समय की असुविधा से बचाने के लिए लिया गया है। बता दें कि 12 जून को अहमदाबाद से लंदन जा रही एक फ्लाइट में तकनीकी गड़बड़ी के चलते हादसा हुआ था। इसके बाद एयर इंडिया ने 66 उड़ाने रद्द कीं। DGCA ने हादसे की जांच कराई और पाया कि तकनीकी रूप से कोई गंभीर खामी नहीं थी, लेकिन एयरलाइन के रखरखाव विभागों में समन्वय की कमी पाई गयी।
