logo

दिल्ली में झारखंड के दो मोस्ट वांटेड आतंकियों के पोस्टर जारी, स्वतंत्रता दिवस को लेकर अलर्ट

ैोलूा्.jpg

द फॉलोअप डेस्क
स्वतंत्रता दिवस के जश्न को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। आतंकी खतरे की आशंका के मद्देनजर दिल्ली पुलिस और केंद्रीय सुरक्षा एजेंसियों ने दिल्ली-एनसीआर में हाई अलर्ट जारी किया है। इसी बीच दिल्ली हाई कोर्ट समेत छह स्थानों को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां और सतर्क हो गई हैं। हाई कोर्ट को ई-मेल के जरिए धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्तों ने परिसर में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। ई-मेल में दिल्ली हाई कोर्ट, जिला अदालतों, लाल किले और ट्रेनों को निशाना बनाने की धमकी दी गई है।


झारखंड के दो आतंकियों के पोस्टर
सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए दिल्ली पुलिस ने 19 मोस्ट वांटेड आतंकियों की सूची जारी कर उनके पोस्टर सार्वजनिक स्थानों पर लगाए हैं। इस सूची में अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से जुड़े झारखंड के दो वांटेड आतंकियों के नाम और तस्वीरें भी शामिल हैं। इनमें चतरा निवासी अबू सूफियान और जमशेदपुर के आजादनगर निवासी सैयद मोहम्मद अर्शियान का नाम बताया गया है। पुलिस की ओर से इनकी जानकारी सार्वजनिक करने का उद्देश्य आम लोगों को सतर्क करना और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना सुरक्षा एजेंसियों तक पहुंचाना है।


ई-मेल में 15 अगस्त को धमाके का दावा
धमकी भरे ई-मेल में 15 अगस्त को धमाका किए जाने का दावा किया गया है। मेल में दिल्ली को खालिस्तान बनाने की बात लिखी गई है और हमले के पीछे सिखों से जुड़े मामलों में न्याय नहीं मिलने का आरोप लगाया गया है। ई-मेल में 1984 के सिख विरोधी दंगों से जुड़े मामलों का भी उल्लेख किया गया है। धमकी के बाद दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां संवेदनशील स्थानों पर जांच और निगरानी बढ़ा रही हैं। मामले की जांच के साथ-साथ ई-मेल भेजने वाले की पहचान और धमकी की विश्वसनीयता का पता लगाने की कोशिश की जा रही है।


 

Tags - Delhi High Court Independence Day AQIS Jharkhand Terrorists Delhi Security