द फॉलोअप डेस्क
उपराष्ट्रपति पद के चुनाव में भाजपा नीत एनडीए के उम्मीदवार सीपी राधाकृष्णन ने ऐतिहासिक जीत दर्ज की है और वह भारत के नए उपराष्ट्रपति होंगे। इस चुनाव में एनडीए की ओर से सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन की ओर से बी सुदर्शन रेड्डी के बीच मुकाबला था। सीपी राधाकृष्णन को प्रथम वरीयता कुल 452 वोट मिले, जबकि बी सुदर्शन रेड्डी को 300 वोट मिले। इस प्रकार, राधाकृष्णन ने रेड्डी को 152 वोटों के अंतर से हराया।
सीपी राधाकृष्णन वर्तमान में महाराष्ट्र के राज्यपाल के रूप में कार्यरत हैं, जबकि बी सुदर्शन रेड्डी सुप्रीम कोर्ट के पूर्व न्यायाधीश रह चुके हैं। इस चुनाव में दोनों प्रमुख दलों ने दक्षिण भारत से अपने-अपने उम्मीदवारों को मैदान में उतारा था। सीपी राधाकृष्णन तमिलनाडु से हैं, जबकि बी सुदर्शन रेड्डी आंध्र प्रदेश से आते हैं। यह चुनाव दक्षिण भारत के लिए महत्वपूर्ण था, क्योंकि दोनों पक्षों ने अपने-अपने राज्यों से उम्मीदवार उतारे थे। एनडीए और इंडिया गठबंधन दोनों ने इस चुनाव में दक्षिण भारत की पहचान और प्रभाव को ध्यान में रखते हुए उम्मीदवारों को चुना था, लेकिन सीपी राधाकृष्णन ने जीत हासिल की।
