logo

होटल में युवती को बंधक बनाकर रेप, भागने की कोशिश पर दौड़ाकर पकड़ा; आरोपी का हाफ एनकाउंटर

होटल में युवती को बंधक बनाकर रेप, भागने की कोशिश पर दौड़ाकर पकड़ा; आरोपी का हाफ एनकाउंटर

द फॉलोअप डेस्क:

यूपी में दिनदहाड़े खौफनाक वारदात को अंजाम दिया गया। दरअसल, मामला मेरठ शहर का है। यहां के पॉश इलाके में स्थित होटल में दलित युवती को बंधक बनाकर रखा गया था। लड़की को सलमान नाम का युवक होटल में लाया था। बुधवार को जब युवती ने होटल से भागने की कोशिश तो आरोपी ने सरेबाजार उसे दौड़ाकर पकड़ा और लोगों के बीच से उसे उठाकर ले जाने लगा। वहां मौजूद एक दूसरी लड़की ने हिम्मत दिखाते हुए शोर मचाया तो राहगीरों के दखल के बाद लड़की को छुड़ाया गया। युवती ने मेरठ सदर बाजार थाने में लिखित आवेदन देकर आरोपी सलमान के खिलाफ दुष्कर्म और मारपीट का मुकदमा दर्ज कराया। 

 

घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल
घटना का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया में वायरल है, जिसमें सफेद टॉप और डेनिम ब्लू जींस पहने लड़की सबसे पहले होटल से दौड़ते हुए निकलकर सड़क पर आती है। उसके पीछे एक युवक भी दौड़ता हुआ सड़क पर आता है। युवक, युवती को धक्का मारकर सड़क पर गिरा देता है और फिर उसे जबरन उठाकर वापस होटल में ले जाने की कोशिश करता है। इस दौरान युवती लगातार युवक का प्रतिरोध करती है। तभी वहां मौजूद एक दूसरी लड़की पहले तो पीड़िता का बैग उठाती है और फिर शोर मचाकर राहगीरों को वहां इकट्ठा करती है। कुछ ही देर में वहां लोगों की भारी भीड़ जमा हो जाती है। शोर मचाने वाली लड़की पीड़िता को सड़क किनारे लाकर बिठाती है और पानी पिलाती है। हालांकि, आरोपी वहां से भाग जाता है। आरोप है कि होटल मालिक और मैनेजर ने आरोपी सलमान को भगा दिया था।

 

आरोपी के खिलाफ पीड़िता ने दर्ज कराई शिकायत
मेरठ के एसएसपी ने बताया कि सदर बाजार थाने में दलित युवती ने लिखित शिकायत दी। उसने सलमान नाम के युवक पर दुष्कर्म और मारपीट का आरोप लगाया। युवती के आवेदन पर आरोपी सलमान के खिलाफ सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। होटल को फिलहाल अस्थायी रूप से सील किया गया है, ताकि वहां सबूतों से छेड़छाड़ ना किया जा सके। नगर निगम के पास होटल को स्थायी रूप से सीज करने की अनुशंसा भी की गई है। एसएसपी ने जानकारी दी है कि होटल मैनेजर को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि, क्या होटल में देह व्यापार जैसी अनैतिक गतिविधि को भी अंजाम दिया जाता था। 

पुलिस ने आरोपी का हाफ एनकाउंटर किया है
समाचार लिखे जाने तक पुलिस ने आरोपी सलमान का हाफ एनकाउंटर करके उसे पकड़ लिया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया में वायरल है, जहां आरोपी सलमान पुलिस से बार-बार यही कहता सुनाई पड़ रहा है कि उससे गलती हो गई और अब दोबारा ऐसा नहीं होगा। युवती को होटल में बंधक बनाने, उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाने और भागने की कोशिश पर सरेबाजार उसे दौड़ाकर पकड़ने का यह दुस्साहस निश्चित रूप से पुलिस के लिए बड़ी चुनौती है और विधि-व्यवस्था पर बड़े सवाल खड़े करता है। 


 

Tags - Meerut Sexual Assault CaseUP NewsMeerut Girl NewsMeerut PoliceCrime News