द फॉलोअप डेस्क
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में साइकिल से पानी छिटकने पर व्यक्ति ने नाबालिग को थप्पड़ मारा तो 16 साल के नाबालिग ने हथौड़ी से कूचकर व्यक्ति की हत्या कर दी। मिली खबर के मुताबिक मृतक बिहार के निवासी थे। पुलिस को घटनास्थल पर लगे सीसीटीवी से इसके सबूत मिले हैं। फुटेज में आरोपी लड़का दिखा है, जिसके हाथ में हथौड़ा है। मारने का विजुअल तो नहीं है, लेकिन सामने आए सीसीटीवी फुटेज में सुपरवाइजर की चीखें सुनाई दे रही हैं।

आरोपी नाबालिग को हिरासत में लिया गया
ये दर्दनाक घटना तोरवा थाना क्षेत्र स्थित आरपीएफ कॉलोनी के पास घटी है। मृतक की पहचान नरेश कुमार गुप्ता के रूप में हुई है, जो बिहार के आरा जिले का रहने वाला था। पुलिस चोरी या रंजिश, दोनों एंगल से जांच कर रही है। आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया गया है। हादसे के संबंध में नाबालिग ने पुलिस को बताया कि मंगलवार रात तेज बारिश हो रही थी। वह साइकिल से घर की ओर जा रहा था। इसी समय सड़क किनारे खड़े सुपरवाइजर पर साइकिल से बारिश के कुछ छींटे पड़ गए। इससे गुस्सा होकर सुपरवाइजर ने उसे तीन थप्पड़ मारे। थप्पड़ से नाबालिग ने खुद को अपमानित महसूस किया और बदला लेने की ठान ली। रात को वह नरेश गुप्ता के कमरे में गया, जब वह सो रहे थे। इसके बाद उसने हथौड़े से कूचकर उनकी हत्या कर दी।

मृतक दो साल से था बिलासपुर में
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार नरेश कुमार गुप्ता पिछले 2 साल से बिलासपुर में सुपरवाइजर के साथ चौकीदारी का भी काम कर रहा था। वह रेलवे स्टेशन के निर्माण कार्य से जुड़े सामान के गोदाम की रखवाली करता था। हालांकि पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं चोरी की नीयत से वारदात तो नहीं की गई या फिर हत्या के पीछे कोई और मामला हो सकता है। खबर लिखे जाने तक पुलिस आसपास के लोगों और संबंधित कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है।

हमारे व्हाट्सऐप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें
https://chat.whatsapp.com/HH6GR1oBwB77Vy5eBcnoFo