logo

महाराष्ट्र के सरकारी अस्पताल के NICU में लगी भीषण आग, 3 नवजातों की मौत; 5 लाख मुआवजे का CM ने किया ऐलान

िो््.jpg

द फॉलोअप डेस्क
महाराष्ट्र के अमरावती शहर में सोमवार तड़के एक सरकारी अस्पताल की एनआईसीयू में आग लगने से तीन शिशुओं की मौत हो गई। अमरावती जिला महिला अस्पताल के NICU में सोमवार सुबह करीब 3:30 बजे आग लग गई। हादसे में 3 नवजातों की मौत हो गई। घटना अस्पताल की तीसरी मंजिल पर हुई, जहां आग के बाद धुआं फैल गया। उस समय NICU में 39 नवजात भर्ती थे। आग लगते ही डॉक्टरों, नर्सों और अस्पताल कर्मचारियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर कई बच्चों को सुरक्षित बाहर निकाला। अमरावती के पुलिस कमिश्नर राकेश ओला के मुताबिक, NICU के तीन कंपार्टमेंट में से एक में 9 नवजात भर्ती थे। आग की चपेट में आने से इनमें से 3 की मौत हो गई, जबकि बाकी 6 को इलाज के लिए दूसरी जगह शिफ्ट किया गया है। इन 6 बच्चों की मौजूदा स्थिति को लेकर अभी कोई जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में NICU में लगे वेंटिलेटर के अंदर धमाके के बाद आग लगने की आशंका है। घटना के सही कारणों की जांच की जा रही है।


5 लाख मुआवजे का ऐलान
हादसे पर राज्य के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने भी दुख जताया है। साथ ही दोषियों पर कार्रवाई के लिए कहा है। साथ ही जान गवांने वाले बच्चों के परिजनों को 5-5 लाख रुपये देने का भी ऐलान किया है। घटना पर दुख जताते हुए सीएम फडणवीस ने कहा, "अमरावती के जिला महिला अस्पताल में कल रात लगी आग में तीन बच्चों की मौत की घटना बेहद दुखद और दिल दहला देने वाली है. हम उनके परिवारों के दुख में शामिल हैं. स्वास्थ्य प्रशासन को इस घटना की उच्च स्तरीय जांच के आदेश दिए गए हैं।"


जिम्मेदार के खिलाफ होगी कार्रवाई
इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। स्वास्थ्य मंत्री और सचिव को आज ही अमरावती जाने का निर्देश दिया गया है। राज्य सरकार मृतकों के परिवारों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान करेगी। अमरावती के जिला कलेक्टर को घायल बच्चों का इलाज सरकारी खर्च पर कराने का भी निर्देश दिया गया है। उन्होंने आगे कहा, "सौभाग्य से, इस घटना में 36 बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया।"

Tags - Amravati Maharashtra Hospital Fire NICU Newborn Death Amravati Hospital