logo

23 दिन बाद AISA छात्रों ने खत्म किया आमरण अनशन, शबाना आजमी ने जूस पिलाकर खत्म कराया उपवास

ेोवोलो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली के जंतर-मंतर पर पिछले 23 दिनों से नीट विवाद को लेकर आमरण अनशन कर रहे ऑल इंडिया स्टूडेंट्स एसोसिएशन (AISA) के तीन छात्रों ने सोमवार को अपना उपवास समाप्त कर दिया। छात्र नेहा, मनीष और आमीन ने अभिनेत्री शबाना आजमी समेत विभिन्न सामाजिक और राजनीतिक हस्तियों के अनुरोध के बाद जूस पीकर अनशन खत्म किया। इस दौरान छात्रों का हौसला बढ़ाने के लिए अभिनेता प्रकाश राज, राज्यसभा सांसद डॉ. मनोज झा, सांसद राजाराम सिंह और अमरा राम, सामाजिक कार्यकर्ता डॉ. योगेंद्र यादव, वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत भूषण तथा प्रोफेसर अतुल सूद भी मौजूद रहे।


आंदोलन के अगले चरण की होगी तैयारी
अनशन समाप्त कराने के दौरान डॉ. योगेंद्र यादव ने कहा कि यह भूख हड़ताल का अंत नहीं, बल्कि संघर्ष के इस चरण का समापन है। वहीं AISA की ओर से जारी बयान में कहा गया कि छात्र अब आंदोलन के अगले चरण की रणनीति तैयार करेंगे। राज्यसभा सांसद डॉ. मनोज झा ने छात्रों की सराहना करते हुए कहा कि इस आंदोलन ने सरकार को कई मुद्दों पर जवाब देने के लिए मजबूर किया है। इस मौके पर भावुक दिखीं अभिनेत्री शबाना आजमी ने कहा कि उनकी पीढ़ी युवाओं के लिए बेहतर व्यवस्था बनाने में सफल नहीं हो सकी, लेकिन आज के युवाओं ने समाज को नई दिशा दिखाई है।


सोनम वांगचुक की सेहत पर भी आया अपडेट
इधर, जंतर-मंतर आंदोलन से जुड़े और फिलहाल सफदरजंग अस्पताल में भर्ती सोनम वांगचुक की स्वास्थ्य स्थिति को लेकर भी नया अपडेट सामने आया है। अस्पताल प्रशासन की ओर से 20 जुलाई 2026 को जारी हेल्थ बुलेटिन में बताया गया कि वांगचुक का इलाज और चिकित्सकीय निगरानी सफदरजंग अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी सेहत पर नजर बनाए हुए है।
 

Tags - AISA NEET Protest Sonam Wangchuk Jantar Mantar Delhi