logo

'बंगाल के बाद झारखंड में भी ED अधिकारियों पर हो सकता है हमला, बाबूलाल ने जताई आशंका

babulal_2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड BJP के प्रदेश अध्यक्ष बाबूलाल मरांडी (Babulal Marandi) ने बड़ा दावा किया है। बाबूलाल ने कहा है कि बंगाल के तर्ज़ पर झारखंड में भी ED के लोगों पर भविष्य में हमला हो सकता है। उन्होंने केंद्रीय गृह मंत्रालय (Union Home Ministry) से यह अपील किया है कि ऐसे षड्यंत्रकारियों पर कड़ी नज़र रखी जाए। बाबूलाल ने ट्वीट कर लिखा है कि झारखंड में ईडी पर हमला करवाने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। सूत्रों के मुताबिक़ 5 जनवरी को इस काम के लिये कुछ भाड़े के गुंडों को तैयार कर हवाई अड्डा के पीछे वाले इलाक़े में बुलाकर रखा गया था। 


ईडी के अफ़सरों को झूठे मुक़दमों में फंसाने की गई थी कोशिश 
बाबूलाल ने आगे लिखा है कि गौरतलब है कि इससे पहले ईडी के अफ़सरों को झूठे मुक़दमों में फंसाने, असामाजिक तत्वों से धमकी दिलाने एवं कुछ महिलाओं को तैयार कर ईडी अफ़सरों को फंसाने का षड्यंत्र जेल से ही रचा जा रहा था, जिसका भांडा फूट जाने के कारण वो योजना विफल हो गया था। 


पश्चिम बंगाल में ईडी अधिकारियों पर हमला
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल के साउथ 24 परगना जिले में शुक्रवार (5 जनवरी) को ED और CRPF की टीम TMC नेता के घर रेड करने पहुंची थी। इस दौरान भीड़ ने जानलेवा हमला कर दिया। करीब 200 लोगों ने जांच एजेंसी के दो वाहनों में तोड़फोड़ की। इसमें कुछ अफसरों के सिर में चोट आई हैं। उन्हें अस्पताल ले जाना पड़ा। ED का कहना है कि पश्चिम बंगाल में भीड़ के हमले में 3 अधिकारियों को गंभीर चोटें आईं हैं। भीड़ ने अधिकारियों के मोबाइल फोन, लैपटॉप, नकदी और बटुए छीन लिए। FIR दर्ज करने के लिए स्थानीय पुलिस में शिकायत की गई है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\