द फॉलोअप डेस्क
दिल्ली-एनसीआर के फरीदाबाद से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है। यहां एक व्यक्ति ने पत्नी से विवाद के बाद अपने 4 मासूम बच्चों के साथ खुदकुशी कर ली। बताया जा रहा है कि उसने अपने बच्चों के साथ चलती ट्रेन के सामने कूदकर जान दे दी। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान बिहार निवासी मनोज महतो (45) के रूप में हुई है। मंगलवार सुबह उसका अपनी पत्नी प्रिया से किसी बात पर झगड़ा हुआ था। इसके बाद मनोज ने कहा कि वह बच्चों को पार्क लेकर जा रहा है और घर से निकल गया।
कुछ देर बाद मनोज अपने 4 बच्चों को लेकर रेलवे ट्रैक पर चलता देखा गया। वह 2 बच्चों को कंधे पर उठाए था और 2 का हाथ पकड़े हुए था। जब ट्रेन करीब आई, तो वह बच्चों के साथ पटरी पर कूद गया। लोको पायलट ने बताया कि उसने कई बार हॉर्न बजाया, लेकिन मनोज ट्रैक से नहीं हटा। यह हादसा करीब दोपहर 12 बजकर 55 मिनट पर हुआ। मौके पर ही मनोज और उसके चारों बच्चों की मौत हो गई। मारे गए बच्चों की पहचान पवन (10), करु (9), मुरली (5) और छोटू (3) के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। पड़ताल में सामने आया है कि मनोज और उसकी पत्नी के बीच अक्सर झगड़े होते थे। मंगलवार को भी मामूली बहस के बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया।