द फॉलोअप डेस्क:
वंदे भारत ट्रेन में रिश्तेदार को बिठाने आए 12 लोगों को 36,000 रुपये का जुर्माना भरना पड़ा। मामला कानपुर सेंट्रल स्टेशन का है। दरअसल, यहां वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में यात्री को बिठाने पहुंचे 12 लोग ट्रेन में ही फंस गए। दरअसल, ट्रेन का स्वचालित गेट बंद हो गया था और उन 12 लोगों को निकलने का मौका नहीं मिला। गेट नहीं खुला तो हंगामा हुआ। ट्रेन स्टाफ की सूचना पर जब तक ट्रेन को रोका जाता, वो इटावा जंक्शन पहुंच चुकी थी। इटावा में सभी 12 लोगों को उतारा गया। उन्हें प्रति व्यक्ति 3,000 रुपये के हिसाब से कुल 36,000 रुपये का भुगतान करना पड़ा।

बनारस-दिल्ली वंदे भारत ट्रेन की घटना
दरअसल, बनारस-नई दिल्ली वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन कानपुर सेंट्रल पर पहुंची थी। यहां कानपुर के अलग-अलग इलाकों से कुल 12 लोग अपने रिश्तेदारों को विदा करने आए थे। वे रिश्तेदारों को बिठाने ट्रेन के भीतर चले गए। वे बतियाते रहे और स्वचालित गेट बंद हो गया। ट्रेन चल पड़ी और वे उतर नहीं सके। बनारस से खुलने वाली यह ट्रेन पहले प्रयागराज और फिर कानपुर में ही रुकती है। आखिरी स्टेशन दिल्ली है। हालांकि, भीतर घुस आए लोगों को उतारने के लिए ट्रेन को इटावा में रोकना पड़ा।

भविष्य में ऐसा नहीं करने की हिदायत दी
बताया जाता है कि ट्रेन का स्वचालित गेट बंद होने पर ये 12 लोग जिसमें औरतें और बच्चे भी थे, मदद के लिए चिल्लाने लगे। आखिरकार स्टाफ ने टूंडला कंट्रोल को सूचित किया। कंट्रोल के निर्देश पर ट्रेन इटावा जंक्शन पर रोकी गई। स्टेशन मास्टर पीएम मीना, आरपीएफ इंस्पेक्टर दिनेश कुमार और जीआरपी इंस्पेक्टर यदुवीर सिंह मौके पर पहुंचे। सभी 12 लोगों को उतारकर आरपीएफ पोस्ट लाया गया। यहां हंगामा करने और प्लेटफॉर्म टिकट नहीं लेने के जुर्म में वाणिज्य विभाग के कर्मचारियों ने प्रति व्यक्ति 3 हजार रुपये के हिसाब से 36,000 रुपये की वसूली जुर्माने के रूप में की।
भविष्य में ऐसी गलती नहीं करने की हिदायत देकर छोड़ दिया।