logo

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा : इस मदरसे के बच्चे गायेंगे राम भजन, गायत्री मंत्र से दिन की शुरुआत 

madarsa2.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के दिन अलिगढ़ के एक मदरसे के बच्चे राम भजन गायेंगे। वे रामधुन के साथ कीर्तन में हिस्सा लेंगे। यही नहीं, उनके दिन की शुरुआत भी गायत्री मंत्र से होगी। अलिगढ़ शहरी इलाके के इस मदरसे का नाम चाचा नेहरू मदरसा है। मदरसा के उप प्रधानाध्यापक यासमीन खालिद ने इस बारे में जानकारी दी है। खालिद ने कहा है कि हम गंगा जमुनी तहजीब को मानने वाले सेकुलर लोग हैं। प्राण प्रतिष्ठा को लेकर हिंदू समाज ही नहीं, बल्कि मुस्लिम समाज भी उतना ही उत्साहित है। इसी सोच के साथ हम मदरसा में प्राण प्रतिष्ठा यानी 22 जनवरी को भजन-कीर्तन कार्यक्रम का आयोजन कर रहे हैं। 

क्या कहा खालिद ने 
यासमीन खालिद ने आगे कहा कि इस मदरसे में पढ़नेवाले बच्चों के दिन की शुरुआत गायत्री मंत्र से होती है। ये परिपॉटी काफी पहले से चली आ रही है। कहा कि प्राण प्रतिष्ठा वाले दिन के लिए बच्चों को भजन-कीर्तन की तैयारी करने के लिए कहा गया है। इसके लिए अभ्यास शुरू कर दिया गया है। बच्चे उत्साह के साथ इसमें हिस्सा ले रहे हैं। खालिद ने आगे कहा कि किसी आयोजन को लेकर समाज को बांटने की कोशिश नहीं होनी चाहिये। प्राण प्रतिष्ठा समारोह एक आयोजन ही है। वे इसे मजहबी रंग देने के खिलाफ हैं। 

22 जनवरी को आधे दिन की छुट्टी 

बता दें कि राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा (Ram Mandir Pran Pratishtha) के दिन यानी 22 जनवरी को देश के सभी सरकारी दफ्तरों में आधे दिन की छुट्टी रहेगी। इसका आदेश केंद्र सरकार की ओऱ जारी किया गया है। आदेश में कहा गया है कि प्राण प्रतिष्ठा के दिन को लेकर जनता के भारी अनुरोध और भावना को देखते हुए ये निर्णय लिया गया है। जारी आदेश पत्र के अनुसार 22 जनवरी को सभी केंद्रीय दफ्तरों, केंद्रीय संस्थानों और केंद्रीय औद्योगिक प्रतिष्ठानों में आधे दिन काम नहीं होगा। छ्ट्टी पहली पाली में 2.30 बजे तक रहेगी। इसके बाद सभी दफ्तरों में नियमित रूप से काम शुरू हो जायेगा। बता दें कि 22 जनवरी को राम मंदिर में प्राण प्रतिष्ठा पीएम नरेंद्र मोदी के हाथों होनी है।