जमशेदपुर
मानगो के उलीडीह ओपी क्षेत्र में एक युवक की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंक दिये जाने का मामला सामने आया है. रविवार सुबह आदिवासी क्लब के पास झाड़ियों से युवक का शव मिला. मृतक की पहचान शकोंसाई रोड नंबर-2 निवासी 24 वर्षीय विकास सिंह के रूप में हुई है. स्थानीय लोगों की सूचना पर उलीडीह पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गये.

भगिने से मिलने के बाद घर नहीं लौटा विकास
परिजनों के अनुसार, विकास सिंह शनिवार रात उलीडीह स्थित अपने भगिने से मिलने गया था. वहां से लौटने के बाद वह घर नहीं पहुंचा. देर रात तक उसके घर नहीं लौटने पर परिजन चिंतित थे. रविवार सुबह उलीडीह की एक युवती ने फोन कर विकास का शव मिलने की सूचना दी.

हत्या की जताई जा रही आशंका
प्रारंभिक जांच में मृतक के सिर पर धारदार हथियार से किये गये कई वार के निशान मिले हैं. शरीर पर चोटों के निशान को देखते हुए हत्या की आशंका जतायी जा रही है. मृतक के भाई ने क्षेत्र में सक्रिय कुछ नशेड़ियों पर हत्या का संदेह व्यक्त किया है. फिलहाल पुलिस हत्या समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा.
