बरहरवा/साहिबगंज:
साहिबगंज जिला बरहरवा थानाक्षेत्र की सातगाछी पंचायत के मालिन गांव में वज्रपात की चपेट में आने से 33 वर्षीय अर्जुन साहा की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। जानकारी के अनुसार अर्जुन साहा मंगलवार को पास के खेत से अपने मवेशियों को घर लाने गए थे। इसी दौरान अचानक मौसम खराब हो गया और तेज गर्जना के साथ आकाशीय बिजली उनके ऊपर गिर गई। वज्रपात इतना तेज था कि उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई। आसपास मौजूद ग्रामीण जब तक उनकी मदद के लिए पहुंचते, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।

पत्नी और 5 साल का बच्चा छोड़ गए
अर्जुन साहा अपने पीछे पत्नी और 5 वर्षीय पुत्र को छोड़ गए हैं। परिवार के इकलौते कमाऊ सदस्य की असमय मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है और ग्रामीण शोक संतप्त परिवार को सांत्वना देने में जुटे हैं।

प्रशासन से आपदा राहत की मांग
कांग्रेस जिलाध्यक्ष सह स्थानीय विधायक प्रतिनिधि बरकत खान ने घटना पर गहरा दुःख व्यक्त करते हुए कहा अर्जुन साहा की वज्रपात से हुई मृत्यु अत्यंत दुखद और हृदयविदारक है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहने की शक्ति दें। प्रशासन से भी आग्रह है कि पीड़ित परिवार को आपदा राहत योजना के तहत शीघ्र आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाए।