द फॉलोअप, बोकारो:
केंद्र सरकार द्वारा लागू की गयी नए खनन कानून और चंदा चोरी के मुद्दे को लेकर मंगलवार को बोकारो में युवा कांग्रेस ने विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ विरोध दर्ज कराया। इस दौरान भारतीय युवा कांग्रेस की राष्ट्रीय सचिव एवं झारखंड प्रभारी प्रीति मांझी मुख्य रूप से शामिल हुईं। उन्होंने कहा कि युवा कांग्रेस आम जनता, युवाओं, किसानों, मजदूरों और झारखंड के हितों से जुड़े मुद्दों को मजबूती से उठाती रहेगी।

युवा कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी
केंद्र सरकार की नीतियों के खिलाफ लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा। प्रीति मांझी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अब तक जितने भी कानून लाए हैं, उनमें से कई को आंदोलन और विरोध के बाद वापस लेना पड़ा है। उन्होंने दावा किया कि मौजूदा कानून को लेकर भी युवा कांग्रेस अपना आंदोलन जारी रखेगी और इसे वापस लेने की मांग को मजबूती से उठाया जाएगा। झारखंड के हितों और आम लोगों से जुड़े मुद्दों पर युवा कांग्रेस सड़क से लेकर लोकतांत्रिक मंचों तक अपनी आवाज उठाती रहेगी।
