logo

Ranchi : यूथ कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज पर उम्र छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप, मैट्रिक सर्टिफिकेट में उम्र 39 साल

ABHIJIT_RAJ.jpg

रांचीः
यूथ कांग्रेस के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष अभिजीत राज पर अपनी उम्र को छिपाकर चुनाव लड़ने का आरोप लगा है। यह आरोप कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष रहे सुखदेव भगत के बेटे अभिनव सिद्धार्थ ने लगाया है। इसकी शिकायत राष्ट्रीय अध्यक्ष से की गई है। दरअसल यूथ कांग्रेस में चुनाव लड़ने की उम्रसीमा 18 से 35 साल है, जिसने यह आरोप लगाया है उसका कहना है कि अभिजीत की उम्र 39 साल है। उन्होंने अपनी 5 साल उम्र छिपाई है।

 

कार्रवाई नहीं होने पर विरोध 
दरअसल 5 जून कार्यकारिणी की बैठक हुई थी, जहां यूथ कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी इमरान अली व कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश ठाकुर भी मौजूद थे। युवा कांग्रेस के चारों उपाध्यक्ष अभिनव सिद्धार्थ, कुलदीप, निशा भगत व कुमार रौशन ने अभिजीत पर कार्रवाई नहीं होने पर इसका विरोध किया। उपाध्यक्षों का कहना है कि चुनाव प्रक्रिया में भाग लेते वक्त मैट्रिक सर्टिफिकेट के अनुसार अभिजीत की वास्तविक उम्र 39 थी, जबकि चुनाव के लिए सही उम्र 34 साल है। 

 

मैट्रिक सर्टिफिकेट में उम्र कुछ और ही 
विरोधियों के अनुसार अभिजीत राज का मैट्रिक सर्टिफिकेट में उम्र 39 साल है। अभिजीत ने 2021 में यूथ कांग्रेस के चुनाव के नामांकन में अपनी जन्मतिथि 31 दिसंबर 1987 बताई, जबकि मैट्रिक सर्टिफिकेट में जन्मतिथि 31 दिसंबर 1982 अंकित है। यूथ कांग्रेस ने चुनाव लड़ने के लिए 7 सितंबर 1985 को कट ऑफ डेट निर्धारित किया था। हालांकि इस मामले में अभिजीत ने कोई प्रतिक्रिया देने से इंकार किया है उन्होंने कहा कि कोई स्टोरी बना रहे हैं, तो बनाइए। मैं इसपर कुछ नहीं कहूंगा।