जामताड़ा:
14 वर्षीय आदिवासी नाबालिग के साथ हुए यौन शोषण और उसे 7 माह की गर्भवती अवस्था में बेसहारा छोड़ देने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी सचिन मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। घटना मिहिजाम थानाक्षेत्र की है। सचिन, जामताड़ा थानाक्षेत्र के झगड़ा गोड़ा का रहने वाला है। सचिन पर आरोप है कि उसने शादी का झांसा देकर नाबालिग से संबंध बनाए। पीड़िता जब गर्भवती हो गई तो परिजनों ने सामाजिक और नैतिक जिम्मेदारी का हवाला देकर सचिन पर शादी करने का दबाव बनाया, लेकिन वह मुकर गया।
आरोपी सचिन ने जब पीड़िता से शादी करने से इनकार कर दिया तो उसकी मां ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।

थाना प्रभारी का आधिकारिक बयान
मिहिजाम थाना प्रभारी प्रदीप राणा ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया "पुलिस ने मामले की गंभीरता और संवेदनशीलता को देखते हुए आरोपी सचिन मुर्मू को गिरफ्तार कर लिया है। पीड़िता की मां की शिकायत पर मामला पहले ही दर्ज किया जा चुका था। फिलहाल आरोपी से गहन पूछताछ की जा रही है और उसे न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस साक्ष्य जुटाने और अग्रिम कानूनी कार्रवाई में जुटी है।"

पीड़िता को मेडिकल निगरानी में रखा
वर्तमान में पीड़िता को उचित मेडिकल निगरानी में रखा गया है ताकि उसकी और गर्भस्थ शिशु की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। पुलिस प्रशासन का कहना है कि वे इस मामले में स्पीडी ट्रायल और कठोर सजा सुनिश्चित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। इस कार्रवाई से स्थानीय ग्रामीणों में कानून के प्रति विश्वास जगा है।