logo

रांची के इस इलाके में युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, भाई उठाने गया तो मुंह से निकल रहा था झाग

sukhdeo1.jpg

द फॉलोअप डेस्क 
राजधानी रांची के सुखदेव नगर इलाके में एक युवक की संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई है। मृतक के परिजनों ने कुछ लोगों पर हत्या का आरोप लगाया हैं। परिजनों का कहना है कि उनके बेटे को जहर देकर मार डाला गया है। मृतक की पहचान निरंजन के रूप में हुई है। घटना की जानकारी पुलिस को दे दी गयी है। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है। पुलिस ने कहा है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। 

निरंजन के मुंह से झाग निकल रहा था 
मिली जानकारी के अनुसार सुखदेव नगर थाना क्षेत्र के यमुना नगर में रहने वाले निरंजन नामक युवक की मंगलवार रात रहस्यमयी हालात में मौत हो गई। उसके परिवार वालों का दावा है कि निरंजन की हत्या की गई है। मृतक के पिता बिहारी प्रसाद ने बताया कि उनका बेटा रात करीब 12 बजे घर लौटा था और पूरी तरह से स्वस्थ लग रहा था। लेकिन अगली सुबह, जब उसका छोटा भाई उसे जगाने गया, तो निरंजन के मुंह से झाग निकल रहा था और वह बेहोश पड़ा था। आनन-फानन में उसे रांची के रिम्स अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

ईंट-बालू की सप्लाई का काम करता था 
परिजनों का आरोप है कि निरंजन की हत्या उसके जान-पहचान के लोगों ने शराब में जहर मिलाकर की है। पिता बिहारी प्रसाद ने कहा कि उनका बेटा ईंट-बालू की सप्लाई का काम करता था और उनकी किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी। उन्होंने यह भी कहा कि पुलिस जांच करेगी तो सच्चाई सामने आ जाएगी। वहीं सुखदेव नगर थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स में भेजा गया है और जांच जारी है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं की गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही इस मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Tags - झारखंड न्यूज झारखंड हिंदी न्यूज रांची न्यूज मौत Jharkhand News Jharkhand Hindi News Ranchi News Death