logo

स्कूल जाने के लिए नदी पार करने को मजबूर नौनिहाल, हादसे का बना रहता है डर

chatra9.jpg

द फॉलोअप डेस्क, चतरा:

बारिश के दिनों में चतरा के जिले के प्रतापपुर क्षेत्र के बच्चों के लिए स्कूल जाना किसी चुनौती से कम नहीं है। विद्यालय तक पहुंचने के रास्ते में नदी पड़ती है लेकिन उस पर पुल नहीं है। नदी में पानी बढ़ने के बाद बच्चों को तेज बहाव के बीच से होकर गुजरना पड़ता है। बच्चे स्कुल बैग लेकर नदी पार करते हैं। बारिश के समय पानी का स्तर बढ़ जाता है और बहाव भी तेज हो जाता है। ऐसे में छोटे बच्चों के लिए नदी पार करना काफी खतरनाक हो जाता है। कई बच्चे पानी कम होने का इंतजार करते हैं। वहीं कुछ बच्चों को ग्रामीणों की मदद से नदी पार कराई जाती है।

हादसा होने से पहले प्रशासन ले संज्ञान 
इस समस्या से स्कूल के शिक्षक भी परेशान हैं। शिक्षकों ने बताया कि बारिश के मौसम में विद्यालय आने-जाने में काफी दिक्कत होती है। नदी में पानी ज्यादा होने पर बच्चों के साथ उन्हें भी खतरा उठाकर नदी पार करनी पड़ती है। तेज बहाव के समय स्थिति और भी मुश्किल हो जाती है।

ग्रामीणों ने बताया कि नदी पर पुल बनाने की मांग काफी समय से उठाई जा रही है। हर साल बरसात में बच्चों और ग्रामीणों की परेशानी बढ़ जाती है, लेकिन अभी तक इसका स्थायी समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों का कहना है कि किसी हादसे के बाद कदम उठाने के बजाय प्रशासन को पहले ही पुल बनवाना चाहिए, ताकि बच्चों की सुरक्षा के साथ उनकी पढ़ाई भी जारी रह सके।

Tags - School Safety Education Bridge Demand Monsoon Chatra