जमशेदपुर
जमशेदपुर में वर्षों से अपने घर का सपना संजोए 322 परिवारों का इंतजार शुक्रवार को खत्म हो गया। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत बिरसानगर स्थित मोहरदा आवासीय परिसर में लाभुकों को उनके नये घरों की चाबी सौंपी गयी। चाबी मिलते ही लाभुकों के चेहरों पर खुशी झलक उठी और पूरे परिसर में उत्सव जैसा माहौल बन गया। गृह प्रवेश कार्यक्रम का उद्घाटन झारखंड सरकार के नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू ने ऑनलाइन माध्यम से किया। इस अवसर पर लोकसभा सांसद विद्युत वरण महतो एवं विधायक पूर्णिमा साहू ने लाभुकों के साथ पूजा-अर्चना कर नये आवासों में विधिवत गृह प्रवेश कराया।

मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आवास
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में लाभुक और स्थानीय लोग उपस्थित रहे। मोहरदा आवासीय परियोजना के तहत कुल 644 फ्लैटों का निर्माण किया गया है। इनमें से 340 लाभुकों ने निर्धारित राशि बैंक में जमा कर आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली थी, जिसके बाद पहले चरण में उन्हें फ्लैट की चाबी सौंपी गयी। शेष पात्र लाभुकों को आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद आगामी चरणों में आवास उपलब्ध कराया जायेगा। यह परियोजना पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में शुरू हुई थी। प्रशासनिक और तकनीकी कारणों से निर्माण कार्य में देरी हुई, लेकिन अब परियोजना पूरी होने के बाद लोगों को इसका लाभ मिलने लगा है। योजना के तहत निम्न एवं मध्यम आय वर्ग के परिवारों को किफायती दर पर आवास उपलब्ध कराये गये हैं।
.jpeg)
सपना साकार हुआ
नये घर की चाबी पाने वाले लाभुकों ने बताया कि वे लंबे समय से किराये के मकानों में रह रहे थे और अपने स्वयं के घर का सपना देख रहे थे। प्रधानमंत्री आवास योजना के माध्यम से उनका यह सपना साकार हुआ है। लाभुकों का कहना है कि अब उन्हें स्थायी और सुरक्षित आवास के साथ सम्मानजनक जीवन जीने का अवसर भी मिला है। गृह प्रवेश के दौरान कई परिवारों ने अपने नये घरों में पूजा-पाठ कर नयी शुरुआत की। लाभुकों ने केंद्र सरकार के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना आर्थिक रूप से कमजोर एवं मध्यम वर्गीय परिवारों के लिए वरदान साबित हो रही है। उन्होंने उम्मीद जतायी कि भविष्य में भी ऐसी योजनाओं के जरिए अधिक से अधिक जरूरतमंद परिवारों को पक्के और सुरक्षित मकान उपलब्ध कराये जायेंगे।