logo

पहलवानों और पुलिस के बीच झड़प, कहा- हम सारे मेडल वापस कर देंगे सरकार को

पहलवानों और पुलिस के बीच झड़प, कहा- हम सारे मेडल वापस कर देंगे सरकार को

द फॉलोअप डेस्कः 
जंतर-मंतर पर धरना दे रहे पहलवानों और पुलिस में बुधवार देर रात झड़प हो गई। कुछ पहलवानों को चोट भी लगी है। पहलवान राकेश यादव औऱ विनेश फोगाट के भाई दुष्यंत के सिर में भी चोट लगी है। बता दें कि पहलवान पिछले 12 दिन से धरना दे रहे हैं। पहलवानों ने कहा कि क्या हम इसी दिन को देखने के लिए देश के लिए मेडल लाए थे। बृजभूषण चैन की नींद सो रहा है और यहां लाठियां खा रहे हैं। हम सभी मेडल्स भारत सरकार को वापस लौटा देंगे। महावीर फोगाट ने भी कहा कि वे अपना द्रोणाचार्य अवॉर्ड भी सरकार को वापस कर देंगे। गौरतलब है कि 7 महिला रेसलर्स ने WFI अध्यक्ष बृजभूषण पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। रेसलर्स बृजभूषण की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। आज सुप्रीम कोर्ट में मामले की सुनवाई भी होनी है। 


बेड लेकर आ रहे थे रेसलर्स 
जानकारी के मुताबिक बुधवार बुधवार रात पुलिस और पहलवानों के बीच विवाद तब होने लगा जब बारिश से बिस्तर और सड़कें भीगने के बाद पहलवान बेड लेकर धरना स्थल पहुंचे। पुलिस ने जब पहलवानों को रोका तो बहस शुरू हो गई। दिल्ली पुलिस का कहना है कि हम समझा रहे थे लेकिन पहलवान उग्र हो गये। घटना के वीडियो और फोटोज भी सामने आए हैं। इधर पहलवानों ने कहना है कि हम बेड लेकर जा रहे थे, लेकिन पुलिस वाले झड़प करने लगे। हमपर हमला कर दिया। कई पुलिसकर्मी तो नशे में थे। मारपीट की और गाली भी देने लगे। रेसलर्स ने एक पुलिसवाले को कहा भी कि नशे में अभद्रता कर रहा था। विवाद के बाद पहलवानों ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। संगीता फोगाट और साक्षी मलिक रोने लगीं। उन्होंने कहा कि हमारी मदद करिए। विनेश फोगाट ने बताया कि पुलिसकर्मी ने उनके साथ गाली गलौज की। अभद्र व्यवहार किया। पुलिस ने जंतर-मंतर पर बैरिकेडिंग कर दी। है। भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। 


स्वाति मालीवाल भी मिलने आईं
इधर गुरुवार को दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष स्वाति मालीवाल पहुंचीं हैं। उन्होंने बताया कि वे रात को भी आई थी लेकिन पुलिस ने उन्हें रोक दिया और अपने साथ पुलिस स्टेशन ले गई। कई घंटे वहीं बैठाए रखा। सुबह करीब 10:30 बजे जींद से किसान भी पहलवानों के समर्थन में निकले लेकिन, पुलिस ने 11 बजे उन्हें कुंडली में केजीपी-केएमपी जीरो पॉइंट के पास रोक लिया। बता दें कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, नवजोत सिंह सिद्धू और बॉक्सर विजेंदर सिंह ने रेसलर्स का सपोर्ट किया है। बता दें कि शीर्ष अदालत ने मंगलवार को सात महिला पहलवानों की याचिका पर दिल्ली पुलिस और अन्य को नोटिस जारी करते हुए कहा था कि मामला ‘गंभीर’ है और इस पर विचार करने की जरूरत है।