जमशेदपुर:
Jharkhand News: जमशेदपुर (Jamshedpur) से सटे सरायकेला-खरसावां जिले (Saraikela-Kharsawan) के आदित्यपुर थानाक्षेत्र स्थित हथियाडीह सिटी मंडी की एक राइस मिल (Rice mill) में सोमवार सुबह काम के दौरान एक मजदूर की मौत हो गयी। करीब 40 वर्षीय मजदूर खोकन मार्डिया (Khokan Mardia) को गंभीर हालत में कंपनी की गाड़ी से महात्मा गांधी मेमोरियल अस्पताल (MGM Hospital) लाया गया था, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक मूल रूप से कोलकाता का रहने वाला था।
अस्पताल में मौजूद कर्मचारियों से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 10 बजे हुआ। बताया गया कि राइस मिल में काम करने के दौरान खोकन ऊंचाई से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर में गंभीर चोट लगी। घटना के बाद कंपनी की गाड़ी से उसे तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

कंपनी प्रबंधन की चुप्पी से उठे कई सवाल
इस घटना को लेकर कंपनी प्रबंधन की चुप्पी कई सवाल खड़े कर रही है। अस्पताल में मौजूद कंपनी के अधिकारी कैमरे के सामने आने से बचते रहे। उन्होंने न तो हादसे की परिस्थितियों पर कुछ बताया और न ही मजदूर की मौत को लेकर कोई जानकारी साझा की। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि हादसा किस स्थान पर और किन परिस्थितियों में हुआ।

पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर टिकी है पूरी जांच!
सबसे अहम सवाल यह है कि राइस मिल में काम के दौरान मजदूर ऊंचाई से कैसे गिरा? जिस जगह हादसा हुआ, वहां सुरक्षा के क्या इंतजाम थे? क्या मजदूर को काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराये गये थे? फिलहाल इन सवालों का जवाब नहीं मिल पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच के बाद ही मजदूर की मौत की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।