द फॉलोअप डेस्क
राजधानी रांची में एक बार फिर अंतरराष्ट्रीय स्तर की हॉकी का आयोजन होने जा रहा है। आज यानी 28 दिसंबर से महिला हीरो हॉकी इंडिया लीग के दूसरे सीजन का भव्य आगाज हो रहा है। 10 जनवरी तक चलने वाले इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में देश-विदेश की दिग्गज महिला खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगी। मोरहाबादी स्थित मारंग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में होने वाले इस उद्घाटन मुकाबले में मेजबान रांची रॉयल्स और एसजी पाइपर्स की टीमें आमने-सामने होंगी, जिससे टूर्नामेंट की धमाकेदार शुरुआत होने की उम्मीद है।
इस सीजन के उद्घाटन समारोह की चमक बढ़ाने के लिए बॉलीवुड अभिनेत्री और पूर्व मिस वर्ल्ड मानुषी छिल्लर अपनी विशेष प्रस्तुति देंगी। वहीं, मुख्य अतिथि के रूप में गांडेय विधायक कल्पना सोरेन शिरकत करेंगी। इस बार के लीग में चार फ्रेंचाइजी टीमें खिताब के लिए लड़ेंगी। कुल 12 कड़े मुकाबलों के बाद दो सर्वश्रेष्ठ टीमें फाइनल में चैंपियन की ट्रॉफी के लिए एक-दूसरे को चुनौती देंगी। पहले सीजन की सफलता के बाद, इस बार हॉकी प्रेमियों को और भी आक्रामक खेल देखने को मिलेगा।