logo

Women Asian Hockey Trophy : मुख्यमंत्री हेमंत ने की तैयारियों की समीक्षा, 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक रांची में होंगे मैच 

trophy.jpeg

रांची 
रांची में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार वीमेंस एशियन हॉकी चैंपियंस ट्राफी का आयोजन 27 अक्टूबर से 5 नवंबर तक होगा। सीएम हेमंत सोरेन ने आज इस बाबत अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। मैच की तैयारियों को लेकर सीएम हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को सुरक्षा व्यवस्था मजबूत रखने और किसी तरह की असुविधा नहीं होने के लिए अहम आदेश दिये। इस दौरान अधिकारियों ने आयोजन की तैयारी का प्रजेंटेशन पावर प्वाइंट के जरिये सीएम हेमंत के समक्ष प्रस्तुत किया। बता दें कि ट्राफी का आयोजन मोरहाबादी के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ स्टेडियम में किया जाना है। 

सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है आयोजन 
समीक्षा बैठक में सीएम हेमंत ने कहा कि वीमेंस एशियन हॉकी ट्राफी का सफल आयोजन झारखंड सरकार की प्राथमिकता में शामिल है। इससे राज्य की छवि न सिर्फ राष्ट्रीय बल्कि वैश्विक स्तर पर भी बनेगी। यह आयोजन राज्य सरकार के खेल के प्रति गंभीरता और किये जा रहे प्रयासों का भी प्रतीक है। उन्होंने कहा कि वीमेंस एशियन हॉकी ट्राफी के दौरान देश-विदेश से आने वाले खिलाड़ियों और दर्शकों की सुविधा का अधिकारी खास ध्यान रखें। इस कार्यक्रम का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाये। इसके लिए उन्होंने एक मैकेनिज्म तैयार करने पर जोर दिया। कहा कि ट्राफी का प्रचार मिशन मोड में करना तय करें। 

24 घंटे बिजली आपूर्ति का दिया आदेश 

मुख्यमंत्री ने इस बात पर खासा फोकस किया कि अत्यधिक भीड़ से बचने के लिए सभी मैच का प्रसारण लाइव टेलीकास्ट के जरिये किया जाये। इसके लिए स्टेडियम में जगह-जगह एलइडी स्क्रीन लगाने की बात कही। इसके लिए उन्होंने स्टेडियम में सभी एलइडी स्क्रीन की क्वालिटी में सुधार लाने के आदेश दिये। कहा कि स्टेडिय़म के भीतर सफाई का ध्यान रखा जाये औऱ आयोजन में बाधा डालने वाले पेड़ों की ट्रीमिंग की जाये। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पूरे आयोजन के दौरान 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने पर फोकस किया। कहा कि खिलाड़ियों के ठहरने और उनके आवागमन में किसी तरह की अव्यवस्था नहीं हो, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। उन्होंने आकस्मिक सेवा के लिए चिकित्सकों की टीम औऱ एंबुलेंस की व्यवस्था रखने का आदेश अधिकारियों को दिया। 

समीक्षा बैठक में ये लोग थे मौजूद 
समीक्षा बैठक में राज्य के मुख्य सचिव सुखदेव सिंह, विकास आयुक्त-सह-अपर मुख्य सचिव  अरुण कुमार सिंह, अपर मुख्य सचिव गृह विभाग अविनाश कुमार, डीजीपी अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव वंदना दादेल, प्रधान सचिव वित्त अजय कुमार सिंह, मुख्यमंत्री के सचिव विनय कुमार चौबे, भवन निर्माण विभाग के सचिव सुनील कुमार, खेल विभाग के सचिव मनोज कुमार, नगर आयुक्त  अमित कुमार, डीआईजी रांची अनूप बिरथरे, आईपीआरडी के निदेशक राजीव लोचन बख्शी, खेल निदेशक सुशांत गौरव, उपयुक्त रांची राहुल कुमार सिन्हा, वरीय पुलिस अधीक्षक रांची चंदन सिन्हा, हॉकी इंडिया के सेक्रेटरी जनरल भोला नाथ सिंह सहित राज्य सरकार एवं हॉकी इंडिया के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।