पश्चिमी सिंहभूम:
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मंझारी थानाक्षेत्र में जहरीले सांप के डसने से एक महिला की मौत हो गयी। घटना कोकचो पंचायत के अंगरडीहा गांव की है। मृतका की पहचान 50 वर्षीय बेलमाइ सुंडी के रूप में हुई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है। जानकारी के अनुसार, सोमवार रात बेलमाइ सुंडी अपने घर में जमीन पर सो रही थीं। इसी दौरान देर रात करीब 12 बजे एक जहरीला सांप घर में घुस आया और उनके दाहिने पैर के अंगूठे में डस लिया। सांप के काटने के बाद उनकी तबीयत तेजी से बिगड़ने लगी। महिला ने परिजनों को इसकी जानकारी दी, जिसके बाद परिवार के लोग उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल ले जाने की तैयारी में जुट गये।

पुलिस ने महिला के शव का पोस्टमॉर्टम कराया
परिजन रात करीब 2 बजे उन्हें सदर अस्पताल, चाईबासा लेकर पहुंचे, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही उनकी मौत हो चुकी थी। अस्पताल में चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मंगलवार सुबह पुलिस सदर अस्पताल पहुंची और आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। परिजनों का कहना है कि महिला की मौत सांप के डंसने से हुई है।

बरसात के मौसम में बढ़ी सर्पदंश की घटना
इधर, घटना के बाद अंगरडीहा गांव में मातम का माहौल है। ग्रामीणों ने बताया कि बरसात के मौसम में इलाके में सांप निकलने की घटनाएं बढ़ जाती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से गांवों में जागरूकता अभियान चलाने तथा समय पर उपचार के लिए एंटी वेनम की उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।