पाकुड़
पाकुड़ नगर थाना क्षेत्र के सिन्धीपाड़ा, जैन गली के समीप शुक्रवार की सुबह बाइक सवार दो शातिर ठगों ने टप्पेबाजी की एक बड़ी घटना को अंजाम दिया। ठगों ने मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला को अपनी बातों के जाल में फंसाया और झांसा देकर उनके सोने की चेन और हाथ का कंगन लेकर रफूचक्कर हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। मिली जानकारी के अनुसार, सिन्धीपाड़ा निवासी किशोर लखमानी की पत्नी मोनी लखमानी शुक्रवार सुबह करीब 7:40 बजे रोज की तरह मॉर्निंग वॉक कर अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान जैन गली के पास बाइक सवार दो अज्ञात युवकों ने उन्हें रोका। शातिरों ने बेहद पेशेवर अंदाज में महिला से बातचीत शुरू की और उन्हें अपनी बातों के प्रभाव में ले लिया।
.jpeg)
बाइक पर सवार होकर फरार हो गए
जब तक महिला कुछ समझ पाती, ठगों ने झांसा देकर उनके गले से सोने की चेन और हाथ से सोने का कंगन उतरवा लिया और उसे लेकर तेजी से बाइक पर सवार होकर फरार हो गए। घर पहुंचने के बाद पीड़िता ने परिजनों को आपबीती सुनाई, जिसके बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना तत्काल स्थानीय पुलिस को दी गई। शिकायतकर्ता किशोर लखमानी ने बताया कि घटना से परिवार को गहरा मानसिक आघात हुआ है।

पीड़ित पक्ष ने पुलिस को शिकायत पत्र के साथ घटना के समय का सीसीटीवी फुटेज भी सौंपा है, जिसमें संदिग्ध आरोपी और उनकी बाइक नजर आ रही है। मामले को लेकर नगर थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित परिवार की ओर से प्राथमिकी दर्ज करने के लिए आवेदन प्राप्त हुआ है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है। सौंपे गए सीसीटीवी फुटेज और आसपास के अन्य कैमरों की फुटेज बारीकी से देखी जा रही है। जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
.jpg)