द फॉलोअप डेस्क,रांचीः
चतरा जिले के वशिष्ठ नगर (जोरी) थाना क्षेत्र के कटैया गांव में एक महिला के साथ बेरहमी से पीटा गया। महिला पर डायन-बिसाही का आरोप लगाया गया। फिर उसे लात-घूंसों और बेल्ट से पीटा गया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल है। वीडियो में बर्बरता देखा जा सकता है। बताया जा रहा है कि पीड़िता राजकुमारी देवी चापाकल पर पानी भरने गई थी। इसी दौरान कुछ लोग वहां पहुंचे और मारपीट शुरू कर दी। जानकारी के अनुसार आरोपियों ने पहले जमीन विवाद को लेकर महिला से विवाद किया। इसके बाद डायन-बिसाही का आरोप लगाकर उस पर हमला कर दिया। घटना के दौरान महिला खुद को बचाने की कोशिश करती रही, लेकिन लोग उसे पीटते रहे। वायरल वीडियो में एक पुरुष महिला को बेरहमी से पीटता नजर आ रहा है। वह महिला पर लगातार लात-घूंसे बरसाता है। इसके बाद बेल्ट से भी उसकी पिटाई करता है। इसी बीच एक अन्य युवक और महिला भी वहां पहुंच जाते हैं।

वीडियो वायरलो होने के बाद चर्चा में आया मामला
वीडियो वायरल होने के बाद मामला चर्चा में आ गया। महिला के साथ हुई इस बर्बरता को लेकर लोगों में नाराजगी है। घटना की सूचना मिलते ही वशिष्ठ नगर जोरी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायल महिला को तत्काल जोरी स्वास्थ्य उपकेंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। इसके बाद महिला की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए चतरा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया। फिलहाल महिला की स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। उसका इलाज जारी है। पीड़िता का बयान और उसके लिखित आवेदन के आधार पर मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों की पहचान कर कार्रवाई शुरू की। इस मामले में अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। जोरी थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पीड़िता राजकुमारी देवी के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

दोषियों पर होगी कार्रवाई
थाना प्रभारी के अनुसार, प्रथम दृष्टया मामला आपसी जमीन विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। हालांकि, पीड़िता ने डायन-बिसाही का आरोप लगाकर मारपीट किए जाने की बात भी कही है। पुलिस इस पहलू को गंभीरता से ले रही है। वायरल वीडियो को भी जांच का आधार बनाया गया है। वीडियो में दिख रहे लोगों की पहचान की जा रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।