गुमला/झारखंड:
Gumla News: झारखंड की आंदोलनकारी निशा भगत की आत्महत्या के मामले में उनके परिजनों से मुलाकात करने का सिलसिला लगातार जारी है। इसी क्रम में आजसू सुप्रीमो और झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो उनके पैतृक गांव पहुंचे। उन्होंने चैनपुर प्रखंड के उरू बारडीह गांव में निशा भगत के माता-पिता से मुलाकात कर घटना पर दुख जताया। साथ ही पूरे मामले की सीबीआई जांच कराने की मांग की।

माता-पिता से मिलते ही छलक पड़े आंसू
जंगल-झाड़ियों से होकर पूर्व मुख्यमंत्री सुदेश कुमार महतो अपनी पूरी टीम के साथ जैसे ही गांव पहुंचे, निशा भगत के माता-पिता उन्हें देखकर भावुक हो गए। दोनों ने अपनी बेटी को न्याय दिलाने की गुहार लगाई। इस दौरान निशा भगत की मां का रो-रोकर बुरा हाल था। बेटी को खोने का दर्द और न्याय की उम्मीद उनके चेहरे पर साफ दिखाई दे रही थी।
सुदेश महतो ने घटना को बताया गंभीर
मुलाकात के दौरान सुदेश महतो ने घटना को दुर्भाग्यपूर्ण और गंभीर बताया। उन्होंने कहा कि इस घटना के बाद राज्य के मुख्यमंत्री की ओर से कोई बयान नहीं आना चिंता का विषय है। उन्होंने कहा कि इस घटना ने राज्य को कलंकित किया है। आदिवासी राज्य में एक आदिवासी बेटी की मौत बेहद चिंताजनक है। उन्होंने पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग की।

मां ने सरकार पर उठाए सवाल, सीबीआई जांच की मांग
वहीं, निशा भगत की मां देविका भगत मुलाकात के दौरान अपने आंसू नहीं रोक पाईं। उन्होंने पूरी घटना को लेकर राज्य सरकार पर सवाल खड़े किए और सीबीआई जांच की मांग की। देविका भगत ने कहा कि जब उनकी बेटी आत्महत्या कर रही थी, उस समय भी कुछ लोग वहां मौजूद थे। ऐसे लोगों से पूछताछ होनी चाहिए, ताकि पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सके।

सरकारी व्यवस्था से त्रस्त होकर बेटी ने उठाया कदम : पिता
निशा भगत के पिता हंदु भगत का मानना है कि उनकी बेटी सरकारी व्यवस्था से पूरी तरह त्रस्त होकर अपनी जीवनलीला समाप्त करने को मजबूर हुई। घटनाक्रम से यह भी सामने आता है कि न्याय के लिए लगातार गुहार लगाने के बावजूद उनकी बेटी को न्याय मिलने की उम्मीद नहीं दिख रही थी। पिता के अनुसार, निशा लगातार परेशान चल रही थी। परिवार की ओर से हमेशा उसका हौसला बढ़ाने का प्रयास किया गया, लेकिन अंततः उसने आत्महत्या कर इस व्यवस्था पर बड़ा सवाल खड़ा कर दिया।