logo

डायन-बिसाही के शक में 58 वर्षीय महिला की पत्थर से कूचकर हत्या

डायन-बिसाही के शक में 58 वर्षीय महिला की पत्थर से कूचकर हत्या

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
पश्चिमी सिंहभूम जिले के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में अंधविश्वास से जुड़ी हत्या का मामला सामने आया है। पंडावीर पंचायत के सादाबुरु पासुबेड़ा गांव में 58 वर्षीय महिला की कथित तौर पर डायन-बिसाही के शक में पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद गांव और आसपास के इलाके में सनसनी फैल गई। जानकारी के अनुसार, देर शाम करीब चार से पांच लोग महिला के घर पहुंचे और आरोप है कि किसी बहाने से उसे घर से बाहर बुलाकर पास के जंगल की ओर ले गए। वहां महिला पर डायन होने का शक जताते हुए उसके साथ मारपीट की गई। इसके बाद भारी पत्थरों से हमला कर उसकी हत्या कर दी गई। हत्या के बाद आरोपी महिला के शव को जंगल में ही छोड़कर वहां से चले गए।


 

पुलिस ने दो संदिग्धों को किया गिरफ्तार
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और जंगल से महिला का शव बरामद कर कब्जे में लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए चाईबासा सदर अस्पताल भेज दिया है। मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वहीं, घटना में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है और पूरे मामले की जांच की जा रही है।

Tags - West Singhbhum Chaibasa Muffasil Police Station Witchcraft Woman Murder Jharkhand Crime