logo

सचिवालय का सच : जो मजा प्रभार में, वह कहां...

जो मजा प्रभार में, वह कहां...

जीतेंद्र कुमार

किसी भी राज्य के विकास को वहां विकसित हुए इंफ्रास्ट्रक्चर से ही मापा जाता है। आधारभूत संरचना के विकास की यह महती जिम्मेदारी सरकार के कार्य विभागों की होती है। कार्य विभाग बेहतर और गुणवत्ता पूर्ण काम करे, इसके लिए कुछ आवश्यक शर्तें निर्धारित है। कार्य विभागों में योग्य अधिकरियों और अभियंताओं की पदस्थापना। पारदर्शी नियम और वरीयता का सम्मान। लेकिन झारखंड के कार्य विभागों, पथ निर्माण विभाग, जल संसाधन विभाग, ग्रामीण कार्य विभाग, ऊर्जा विभाग, पेयजल, नगर विकास विभाग, झारखंड पुलिस हाउसिंग, यहां योग्यता और वरीयता का कोई मायने मतलब नहीं रह गया। दस्तावेजी कायदे-कानून अप्रासंगिक हो गए हैं। राज्य सरकार के कार्य विभागों के 90 फीसदी शीर्ष पदों पर प्रभारी, यों कहें काम चलाऊ व्यवस्था हावी है। प्रभारी व्यवस्था की यह परंपरा सबको सूट कर रही है। मिल कर सभी इसका मजा ले रहे हैं।

सचिवालय का यह कड़वा सच है। सचिवालय में बैठने वाले बड़े बड़े तीसमार खां अधिकारी अभियंताओं की नियुक्ति प्रोन्नति नियमावली को अंजाम तक नहीं पहुंचा पा रहे हैं। इसका ठोस कारण भी वे हाईकोर्ट को नहीं बता पा रहे हैं। हाईकोर्ट लगातार और बार बार फटकार लगा रहा है। हाल में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव को कोर्ट में सशरीर हाजिर होने का फरमान जारी करना पड़ा। लेकिन कनीय को वरीय पद पर और वरीय को कनीय पद पर बैठाना आम है। कार्अयपालक और अधीक्षण अभियंता रैंक के अधिकारियों को मुख्य अभियंता और अभियंता प्रमुख तक के पदों पर बैठाते जाना, वर्षों चलता चला जा रहा है। ऐसा क्यों, सचिवालय में काम कर रहे हैं तो आपको पता ही होगा। अगर ठेकेदार और अभियंता हैं तो कुछ ज्यादा ही पता होगा। कार्य विभागों से दूर का रिश्ता है तो वहां जाकर एक बार घूम आने की आवश्यकता है।

Tags - Truth of Secretariat Jharkhand Work Department Incharge System Everyone is having fun