रांची:
हाल ही में कांग्रेस पार्टी में वापसी करने वाले पूर्व प्रदेश अध्यक्ष प्रदीप बालमुचू ने गठबंधन सरकार में शामिल झारखंड मुक्ति मोर्चा पर निशाना साधा है। कहा कि झारखंड मुक्ति मोर्चा को जो विधायक विरोध कर रहे हैं, वो सरकार के लिए अच्छा संकेत नहीं है। उन्होंने कहा कि पार्टी को इस पर संज्ञान लेना चाहिए। प्रदीप बालमुचू ने कहा कि बीजेपी इसका फायदा उठाने की कोशिश करेगी।

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पर भी साधा निशाना
इस दौरान प्रदीप बालमुचू इशारों-इशारों में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को भी निशाने पर लेने से नहीं चूके। गौरतलब है कि प्रदीप बालमुचू कार्यकर्ताओं से मिलने घाटशिला पहुंचे थे। उन्होंने जिस राजनैतिक संकट की बात की, उसकी सुगबुगाहट काफी वक्त से चल रही है। गौरतलब है कि झारखंड मुक्ति मोर्चा के लोबिन हेंब्रम सहित अन्य कुछ विधायकों ने मुख्यमंत्री के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। इधऱ झारखंड मुक्ति मोर्चा औऱ कांग्रेस के बीच मतभेद की खबरें भी सामने आती रहती है। कांग्रेस के कई विधायक पार्टी कोटे से बने मंत्रियों से नाराज चल रहे हैं। कांग्रेस के अंदरखाने भी कई सारे मतभेद हैं जो सरकार की सेहत के लिए अच्छा नहीं।

संगठन को सशक्त बनाने पर रहेगा जोर
इस बीच प्रदीप बालमुचू ने कहा कि झारखंड में आरपीएन सिंह के प्रभारी रहते प्रखंड और पंचायत स्तर पर कांग्रेस खत्म हो गई थी। अभी पंचायत चुनाव का एलान किया जा चुका है। संगठन को सशक्त बनाना है। संगठन सशक्तिकरण का काम आगे बढ़ाना होगा। क्या कमजोरी है। क्या समस्या है। इसका फीडबैक लिया जायेगा। झारखंड कांग्रेस के नेताओं को दिल्ली तलब किए जाने की खबर पर प्रदीप बालमुचू ने कहा कि वहां सरकार को लेकर किसी भी प्रकार की चर्चा नहीं की गई। संगठन को मजबूत बनाना की केंद्र में था।