द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क पर निश्चितपुर स्कूल के पास सोमवार को दर्दनाक सड़क हादसे में 23 वर्षीय शिक्षिका वंदना महतो की मौत हो गई। मृतका निश्चितपुर गांव की रहने वाली थीं और सोनुआ स्थित एसएस प्लस-2 हाई स्कूल में घंटी आधारित शिक्षिका के रूप में कार्यरत थीं। वह रोज की तरह पैदल स्कूल जा रही थीं। इसी दौरान चक्रधरपुर की ओर से तेज रफ्तार में आ रहे एक ट्रैक्टर ने उन्हें पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ीं, जबकि हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर लेकर मौके से फरार हो गया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और परिजनों ने गंभीर रूप से घायल वंदना महतो को तत्काल सोनुआ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। इसके बाद उन्हें चक्रधरपुर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। यह पूरी घटना निश्चितपुर स्कूल के गेट पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। फुटेज में शिक्षिका सड़क किनारे पैदल जाती दिखाई देती हैं और तभी तेज रफ्तार ट्रैक्टर उन्हें टक्कर मारते हुए आगे निकल जाता है।

पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही सोनुआ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी अपने कब्जे में ले ली है। जांच अधिकारी सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार ट्रैक्टर और उसके चालक की पहचान करने में जुटे हैं। पुलिस का कहना है कि चालक की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

मुआवजे और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम
शिक्षिका की मौत से आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शव को घटनास्थल पर रखकर सोनुआ-चक्रधरपुर मुख्य सड़क (एनएच) जाम कर दिया। प्रदर्शनकारियों ने दोषी ट्रैक्टर चालक की तत्काल गिरफ्तारी, मृतका के परिजनों को उचित मुआवजा तथा क्षेत्र में बेलगाम दौड़ रहे ट्रैक्टरों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में कई ट्रैक्टर बिना नियमों का पालन किए सड़कों पर दौड़ रहे हैं, जिससे लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसे वाहनों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।