logo

पश्चिमी सिंहभूम में पत्नी के मायके जाने के बाद नवविवाहित युवक की संदिग्ध मौत, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी

पश्चिमी सिंहभूम में पत्नी के मायके जाने के बाद नवविवाहित युवक की संदिग्ध मौत, डेढ़ महीने पहले हुई थी शादी

पश्चिमी सिंहभूम:
पश्चिमी सिंहभूम के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के पांचों गांव में 22 वर्षीय नवविवाहित युवक रघुनाथ मछुआ की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। रघुनाथ की शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। वह मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। रविवार को अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन गंभीर हालत में उसे चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। युवक की मौत की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सकी है।

घर में अकेला था रघुनाथ, अचानक बिगड़ी तबीयत
परिजनों के अनुसार, रविवार को जब रघुनाथ की तबीयत बिगड़ी, उस समय घर में कोई मौजूद नहीं था। कुछ देर बाद परिवार के सदस्यों को उसकी हालत खराब होने की जानकारी मिली। उसके बड़े भाई ने उसे देखा और तत्काल परिवार के अन्य लोगों को इसकी सूचना दी। इसके बाद परिजन उसे इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी हालत काफी गंभीर हो चुकी थी। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पत्नी के मायके जाने के बाद था परेशान
परिवार के मुताबिक, शनिवार को रघुनाथ की पत्नी मायके जाने की बात कहकर घर से चली गई थी। रघुनाथ उसे समझाकर वापस घर ले आया था। हालांकि, रविवार को उसकी सास गांव पहुंचीं और अपनी बेटी को अपने साथ मायके ले गईं। पत्नी के दोबारा मायके जाने के बाद रघुनाथ कुछ समय तक परेशान नजर आया था। परिजनों ने बताया कि इसके बाद ही रविवार शाम के समय घर में उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। परिजनों के अनुसार, रघुनाथ खेल प्रेमी था और उसे फुटबॉल खेलना काफी पसंद था। वह मजदूरी कर अपने परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहा था। उसकी शादी करीब डेढ़ महीने पहले ही हुई थी। घटना के बाद परिवार में मातम का माहौल है।

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद मुफ्फसिल थाना पुलिस चाईबासा सदर अस्पताल पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। साथ ही, परिजनों से घटना से जुड़ी जानकारी ली जा रही है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल रघुनाथ की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Tags - West Singhbhum News Chaibasa News Raghunath Machhua Suspicious Death Jharkhand News