logo

पश्चिमी सिंहभूम में पति-पत्नी की निर्मम हत्या, सरकारी तालाब के नाले से मिले दोनों के शव

पश्चिमी सिंहभूम में पति-पत्नी की निर्मम हत्या, सरकारी तालाब के नाले से मिले दोनों के शव

द फॉलोअप डेस्क
पश्चिमी सिंहभूम जिले के कुमारडुंगी थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। गांडकीदा गांव के बिश्रामपुर टोला निवासी डोंका सिंकु (44) और उनकी पत्नी गोरवारी सिंकु (42) के शव सरकारी तालाब के नाले से बरामद किए गए। दोनों शव करीब 20 फीट की दूरी पर पड़े थे और उनके सिर पर धारदार हथियार से वार के गहरे निशान मिले हैं। प्रथम दृष्टया पुलिस इसे दोहरे हत्याकांड का मामला मानते हुए जांच में जुट गई है।


ग्रामीणों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस
घटना गुरुवार शाम की बताई जा रही है, जबकि इसका खुलासा शुक्रवार सुबह उस समय हुआ, जब ग्रामीण शौच के लिए सरकारी तालाब की ओर गए। शव देखकर उन्होंने गांव के मुंडा कमल किशोर हेम्ब्रम को सूचना दी, जिसके बाद कुमारडुंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए सदर अस्पताल, चाईबासा भेज दिया। घटनास्थल का निरीक्षण इंस्पेक्टर और अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी रफायल मुर्मू ने भी किया तथा आसपास के लोगों से पूछताछ कर साक्ष्य जुटाए।


हत्या के कारणों की तलाश में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में आशंका जताई गई है कि दोनों की हत्या धारदार हथियार से की गई है। हालांकि हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस पारिवारिक विवाद, आपसी रंजिश समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। इस दोहरे हत्याकांड से पूरे इलाके में दहशत और तनाव का माहौल है। ग्रामीणों ने जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है, जबकि पुलिस का कहना है कि मामले के हर पहलू की गहन जांच की जा रही है और जल्द ही घटना का खुलासा किया जाएगा।

Tags - West Singhbhum Kumardungi Double Murder Husband Wife Chaibasa Jharkhand Crime Police Investigation Sharp Weapon Murder Case Crime News