logo

पश्चिमी सिंहभूम में झाड़-फूंक करने वाले युवक की धारदार हथियार से हत्या

crime58.jpg

द फॉलोअप डेस्क

पश्चिमी सिंहभूम जिले के गोइलकेरा थाना क्षेत्र के बड़ैला गांव में झाड़-फूंक और पूजा-पाठ करने वाले 42 वर्षीय गोरा अंगरिया की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। जानकारी के अनुसार, गांव के 24 वर्षीय पोंडे राम अंगरिया के व्यवहार में पिछले कुछ दिनों से बदलाव देखा जा रहा था। परिजनों ने उसे मानसिक रूप से परेशान समझते हुए पूजा-पाठ और झाड़-फूंक कराने का फैसला लिया था। इसी के तहत पोंडे राम के घर पर धार्मिक अनुष्ठान कराया गया, जिसमें पुजारी गोरा अंगरिया, डाकुवा मुखी राम अंगरिया और कुछ ग्रामीण शामिल हुए थे।

पूजा खत्म होने के बाद घर में ही रुके थे

अनुष्ठान समाप्त होने के बाद रात में अधिकांश लोग अपने-अपने घर लौट गए। हालांकि, पुजारी गोरा अंगरिया और डाकुवा वहीं रुक गए, जबकि पोंडे राम भी उसी कमरे में सो गया। इसी दौरान गोरा अंगरिया पर धारदार हथियार से हमला कर उनकी हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस नामजद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार तलाश कर रही है। हत्या की घटना के बाद पुलिस ने जांच तेज कर दी है। गुरुवार को भी पुलिस टीम बड़ैला गांव पहुंची और ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़े सुराग जुटाने का प्रयास किया। पुलिस आरोपी तक पहुंचने के लिए संभावित ठिकानों पर भी नजर रख रही है। वारदात के बाद गांव और आसपास के क्षेत्र में लोगों के बीच डर का माहौल बना हुआ है।

Tags - West Singhbhum Goilkera Badaila Gora Angaria Murder Crime News Jharkhand News