पश्चिमी सिंहभूम
जमीन-जायदाद का विवाद कई बार अपनों को भी दुश्मन बना देता है। दरअसल, पश्चिमी सिंहभूम जिले के हाटगम्हरिया थाना क्षेत्र के जयपुर गांव में ऐसा ही एक दर्दनाक मामला सामने आया, जहां जमीन बिक्री से मिले पैसों के बंटवारे को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि छोटे भाई ने कथित तौर पर बड़े भाई को गोली मार दी। गंभीर रूप से घायल युवक की रांची ले जाने के दौरान रास्ते में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी फरार है और उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। पूरी खबर पढ़ें, क्योंकि यह आपके लिए भी एक सबक बन सकती है। 
घटना की पूरी जानकारी
जानकारी के अनुसार, जयपुर गांव में सड़क किनारे की जमीन बेची गयी थी। जमीन बिक्री से मिले पैसे के हिस्से को लेकर दो सगे भाइयों के बीच विवाद चल रहा था। बुधवार को इसी मुद्दे को लेकर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते मारपीट में बदल गयी। इसी दौरान गुस्से में आये छोटे भाई महेंद्र लागुरी ने पिस्तौल निकालकर अपने 30 वर्षीय बड़े भाई शंकर लागुरी पर गोली चला दी। गोली लगने के बाद शंकर गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
चाईबासा सदर अस्पताल से रिम्स रेफर, रास्ते में मौत
गोली चलने की घटना के बाद परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में घायल शंकर को लेकर चाईबासा सदर अस्पताल पहुंचे। चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची स्थित रिम्स रेफर कर दिया। लेकिन रांची ले जाने के दौरान रास्ते में ही उसकी मौत हो गयी। घटना की सूचना मिलते ही हाटगम्हरिया थाना प्रभारी उत्तम तिवारी पुलिस बल के साथ जयपुर गांव पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच कर साक्ष्य जुटाये और मामले की छानबीन शुरू कर दी है। 
आरोपी भाई फरार, पुलिस कर रही तलाश
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद से आरोपी महेंद्र लागुरी फरार है। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। वहीं, घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है। एहतियात पुलिस ने इलाके में गश्त बढ़ा दी है और ग्रामीणों से शांति बनाये रखने की अपील की है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जाती है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जायेगी।