logo

झारखंड में मौसम रहेगा मेहरबान, कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट

weather11.jpg

द फॉलोअप डेस्क 

झारखंड में मानसून शुरू होने से पहले लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिल रही है। राज्य के ज़्यादातर हिस्सों में बादलों की आवाजाही और छिटपुट बारिश के कारण तापमान सामान्य से नीचे बना हुआ है। मौसम विभाग ने मंगलवार को भी कई जिलों में गरज-चमक, तेज हवाओं और हल्की बारिश की संभावना जताई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग रांची के अनुसार राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से करीब चार डिग्री कम है। वहीं न्यूनतम तापमान 22.6 डिग्री सेल्सियस रहा। बीते 24 घंटों के दौरान रांची में हल्की बारिश दर्ज की गई, जिससे मौसम सुहावना बना रहा और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

इन जिलों में मौसम विभाग का येलो अलर्ट 

मौसम विभाग ने गुमला, सिमडेगा, खूंटी, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से तेज हवा चलने के साथ वज्रपात और बारिश की संभावना जताई गई है। विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने और खुले स्थानों में जाने से बचने की अपील की है।

पिछले 24 घंटे में मौसम का हाल 

राज्य के अन्य प्रमुख शहरों में भी तापमान सामान्य से कम रिकॉर्ड किया गया। बोकारो, चाईबासा और जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहा, जबकि सरायकेला राज्य के सबसे गर्म स्थानों में शामिल रहा, जहां पारा 38 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।मौसम केंद्र ने बताया है कि अगले कुछ दिनों तक राज्य के विभिन्न हिस्सों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और तेज हवा चलने की संभावना बनी रहेगी। इसके चलते तापमान में बड़ी बढ़ोतरी की संभावना नहीं है।

Tags - Jharkhand Weather NewsJharkhand Rain AlertRanchi Weather UpdateIMD Weather ForecastJharkhand Monsoon Update