द फॉलोअप डेस्क
झारखंड की राजधानी रांची समेत कई हिस्सों में मौसम का रुख बदल गया है। बीते दो दिनों में पश्चिमी विक्षोभ के असर से कई जिलों में झमाझम बारिश हुई। हालांकि, शुक्रवार को मौसम सामान्य रहा, लेकिन अगले 24 घंटों में फिर से मौसम बदल सकता है।
इन जिलों में बारिश और ओलावृष्टि का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, शनिवार को राज्य के दक्षिणी हिस्सों जैसे पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां में बारिश और ओलावृष्टि हो सकती है। वहीं, उत्तर-पूर्वी जिलों जैसे देवघर, दुमका, गोड्डा, पाकुड़, जामताड़ा, साहिबगंज, धनबाद और गिरिडीह में भी तेज बारिश की संभावना है। इन इलाकों में 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की चेतावनी जारी की गई है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
पलामू और गढ़वा समेत कई जिलों के लिए यलो अलर्ट
उत्तर-पश्चिमी झारखंड के पलामू, गढ़वा, चतरा, कोडरमा, लातेहार और लोहरदगा जिलों में भी गरज-चमक के साथ तेज हवा चलने की संभावना जताई गई है। इन जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। बताया गया है कि 23 फरवरी को भी इसी तरह का मौसम बना रह सकता है।
तापमान में नहीं होगा बड़ा बदलाव
रांची स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, राज्य में अगले पांच दिनों में न्यूनतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होगा। हालांकि, बीते दो दिनों की बारिश के कारण अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
तेज हवा और बारिश के दौरान सतर्कता बरतने की अपील
गुरुवार को डाल्टनगंज का अधिकतम तापमान 0.8 डिग्री गिरकर 32.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक है। मौसम में अचानक हुए इस बदलाव को देखते हुए वैज्ञानिकों ने लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। खासकर तेज हवा और गरज-चमक के दौरान खुले आसमान के नीचे जाने से बचने की सलाह दी गई है।