logo

रांची में झमाझम बारिश से तापमान लुढ़का नीचे, भीषण गर्मी से राहत; जानिए आज का मौसम

वोीगेप3.png

द फॉलोअप डेस्कः
रांची समेत आसपास के क्षेत्रों में बुधवार की रात बारिश से तापमान लुढ़का है। करीब दो महीने के बाद गर्मी से लोगों को हल्की राहत मिली है। उधर कोल्हान, संताल समेत राज्य के अन्य जिलों में भी पारा गिर गया है, जिसे लोगों को राहत मिली है। लेकिन पलामू और गढ़वा में गर्मी का कहर जारी है। रांची में रात आठ बजे के बाद शहर के कुछ हिस्सों में झमाझम और कुछ जगहों पर हल्की बारिश हुई। आंधी की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रतिघंटे की रही। इससे कई जगहों पर बड़े पेड़ भी गिर गये। 


कहां कितनी हुई बारिश 
पिछले 24 घंटों में धनबाद, जामताड़ा, दुमका, देवघर, साहिबगंज, बोकारो और कोल्हान के कई इलाकों में तेज आंधी के साथ बारिश हुई। सबसे अधिक बारिश धनबाद में 65.4 मिमी बारिश हुई। दुमका में 35.1 और जामताड़ा में 22.6 मिमी समेत अन्य शहरों में हल्की बारिश हुई। बुधवार को मेदिनीनगर का तापमान 42.8 डिग्री रहा। 


दो दिन में तीन डिग्री तक गिरेगा पारा
मौसम विभाग के अनुसार राज्य में अगले दो दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में दो से तीन डिग्री गिरावट का अनुमान है। इस दौरान पलामू और गढ़वा के तापमान में एक से दो डिग्री की कमी आ सकती है। विभाग के अनुसार मानसून की गतिविधि बढ़ी है और इसके अगले दो से तीन दिनों के दौरान झारखंड में इसके प्रवेश करने की संभावना बन रही है। मौसम विभाग के वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अगले चार दिनों तक बादल छाए रहेंगे और कई जगहों पर बारिश होगी। ऐसे में अगले चार दिनों के लिए बारिश की भविष्यवाणी राज्य के लोगों के लिए एक गुड न्यूज है क्योंकि इससे तापमान गिरेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिल सकेगी।
 

Tags - Weather Jharkhand Jharkhand Weather Rain in Jharkhand Monsoon Jharkhand