logo

झारखंड : दलमा पहाड़ी पर जानवरों का शिकार करने हाथियार के साथ हजारों लोग किए कूच, वन विभाग ने लौटाने का किया दावा

DALMA.jpg

द फॉलोअप डेस्क

जमशेदपुर की दलमा पहाड़ी पर आदिवासी समाज के लोग सेंदरा पर्व मानने के लिए हजारों की संख्या में चढ़ गए। रविवार देर रात सेंदरा वीरों ने जंगली पशुओं का शिकार करने के लिए तीन हजार की संख्या में परंपरागत हथियारों के साथ जंगल की ओर कूच कर गए।  दरअसल यह आदिवासियों का वार्षिक पर्व है, जिसे सेंदरा विशु पर्व के नाम से जाना जाता है। इस बार यह पर्व 30 अप्रैल-एक मई को मनाया जा रहा है। इधर, सेंदरा पर्व को लेकर दलमा के चारों ओर वन विभाग के अधिकारियों ने चौकसी बढ़ा दी है। साथ ही उन्होंने लोगों से अपील की है कि वे इस पर्व को प्रतीकात्मक रूप से मनाएं। पहाड़ी और जंगल पर किसी जानवर को नुकसान न पहुंचाएं। वहीं, वन विभाग का दावा है कि उन्होंने कई सेंदरा वीरों को वापस लौटा दिया है। विशु पर्व को देखते हुए डीएफओ, वन रक्षी पदाधिकारियों तथा वनपाल की टीमों का गठन किया गया है। सेंदरा वीरों को रोकने के लिए 11 स्थानों पर चेकनाका बनाए गए हैं। वहीं, वन विभाग ने दलमा पहाड़ी के चारों ओर मुख्य मार्ग पर 20 स्थानों पर बैरिकेड किए हैं।

सेंदरा वीरों ने दलमा देवी की पूजा-अर्चना

पर्व को लेकर आदिवासी सेंदरा वीरों ने दलमा के परंपरागत राजा राकेश हेंब्रम के नेतृत्व में दलमा देवी की पूजा-अर्चना की। इस दौरान वन देवी का आह्वान किया और बलि देकर सेंदरा यानी शिकार की अनुमति मांगी। इसके बाद 3000 से ज्यादा आदिवासी समुदाय के लोग हरवे हथियार के साथ दलमा जंगल की ओर कूच कर गए। जानकारी के मुताबिक प्रत्येक वर्ष सेंदरा वीरों को रोकने के लिए वन विभाग कवायद करता है। इसके बाद भी आदिवासी समुदाय के लोग जंगल में घुसकर जानवरों का शिकार करते हैं। वहीं, विशु शिकार को लेकर दलमा रेंज के डीएफओ अभिषेक कुमार सिंह, रेंज ऑफिसर दिनेश रंजन, मानगो रेंज ऑफिसर दिग्विजय सिंह और अन्य अधिकारी वनरक्षियों की टीम के साथ ड्यूटी पर तैनात हैं।

 

सेंदरा पर्व के स्वरूप बदलने की जरूरत- प्रबिद्धजन

इस दौरान आदिवासी समाज के कई प्रबुद्ध लोगों का कहना है कि दलमा पहाड़ पर मनाए जाने सेंदरा पर्व के स्वरूप बदलने की जरूरत है। वहीं, चांडिल प्रखंड के पूर्व उप प्रमुख सह आसनबनी के ग्राम प्रधान प्रबोध उरांव ने कहा कि आदिवासी समाज प्रकृति प्रेमी है। इसलिए जल, जंगल, जमीन, जीव-जंतु आदि का संरक्षण करना भी हमारा दायित्व है। जंगल व जीव-जंतु बचेंगे तो हमारा अस्तित्व बचेगा और हमारी परंपरा बचेगी। मौके पर आसनबनी पंचायत के पूर्व मुखिया गुरुचरण सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में दलमा पहाड़ में जीव-जंतुओं की संख्या काफी कम हो गई है। कई तो विलुप्त होने के कगार पर हैं। ऐसे में सेंदरा के दौरान जानवरों का शिकार नहीं करना ही उचित है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT