खूंटीः
आज तमाड़ विधायक विकास मुंडा वहीं पहुंचे जहां प्रशासन तक जाने से कतराती थी। खूंटी का विवादित पथलगड़ी का केंद्र माना जाने वाला सोनपुर गांव जो कभी सरकार और सरकारी योजनाओं का विरोध करती थी। गांव के ग्रामीण प्रशासन को गांव में घुसने तक नहीं देते थे। गैर आदिवासी को बंधक बना लेते थे। आज उसी गांव में विधायक विकास मुंडा ने लगभग 6 करोड़ की लागत से बनने वाली उच्च स्तरीय पुल का शिलान्यास किया है। यहां पहली बार ग्रामीण इतने उत्साहित दिखे। लोगों ने विधायक के आगमन पर उनपर फूलों की बारिश की।

अब परिस्थिति बदली है
इस दौरान विधायक विकास मुंडा ने कहा कि सरकार हर उस क्षेत्र के विकास के लिए प्रतिबद्ध है जहां आजादी के बाद अब तक सड़क, पुल, पुलिया नहीं है। ताकि लोग सीधे मुख्यालय से जुड़े और विकास में भागीदार बने। उन्होंने कहा कि कुछ लोग आम लोगों को भ्रमित कर उन्हें भ्रम में डाल रहे थे। लेकिन, अब परिस्थिति बदली है। अब लोगों की भावनाएं भी बदल चुकी है। लोग सरकार के साथ चलना चाहते हैं। मुझे ग्रामीण अक्सर कहते थे कि आप जब विधायक बनिए तो इस पुल का निर्माण जरूर करवा दीजिए, मैंने उन्हीं बातों को याद रखा और आज पुल का शिलान्यास किया।