logo

हजारीबाग में मिला बांग्लादेशी डिवाइस लगा गिद्ध

ुग््.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
हजारीबाग जिला अंतर्गत विष्णुगढ़ के कोनार डैम में एक गिद्ध पड़ा हुआ मिला है। उसकी पीठ पर एक डिवाइस लगा है। गिद्ध के पैर में रिंग लगा हुआ है। गिद्ध काफी थका हुआ भी लग रहा है। डिवाइस में ढाका बांग्लादेश लिखे होने की बात कही जा रही है। यह डिवाइस सेटेलाइट ट्रैकिंग के लिए लगाया जाता है। माना जा रहा है कि ढाका के पक्षी विज्ञानियों ने इसकी ट्रैंकिंग करने के लिए यह डिवाइस लगाया होगा। 


वल्चर पर विशेष काम करने वाले पक्षी विज्ञानी डॉ सत्यप्रकाश बताते हैं कि नेपाल का डिवाइस लगा हुआ वल्चर पहले भी हजारीबाग में दिखा था। हालांकि उसको पकड़ा नहीं गया। यह घायल होने के कारण पकड़ लिया गया है। ग्रामीणों ने इसे वन विभाग को सौंप दिया है। वन विभाग की टीम इसका अध्ययन करने के बाद ही कुछ बता पाएगी। वैसे अनुमान लगाया जा रहा है कि संभवतः डिवाइस अध्ययन के उद्देश्य से लगाया गया होगा। हालांकि वास्तविक जानकारी जांच के बाद ही पता चलेगी। 


पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है। मौके पर पुलिस और प्रशासन के बड़े अधिकारी पहुंचे हुए हैं। हालांकि पुलिस भी इस मामले में कुछ बोल नहीं रही है। लेकिन आसपास लोग डरे हुए हैं, साथ ही गिद्ध के पैर में लगे रिंग में ढाका लिखा है और कुछ नंबर भी अंकित है।