logo

SIR : 2 बार सुनवाई में दस्तावेज नहीं देने वाले वोटरों की बूथवार सूची बनेगी, नवंबर में राजनीतिक दलों से साझा होगी

 2 बार सुनवाई में दस्तावेज नहीं देने वाले वोटरों की बूथवार सूची बनेगी, नवंबर में राजनीतिक दलों से साझा होगी

रांची
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी (Chief Electoral Officer), झारखंड, के. रवि कुमार ने गुरुवार को सभी जिलों में विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) से संबंधित कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सभी ईआरओ (Electoral Registration Officers) एवं एईआरओ (Assistant Electoral Registration Officers) को निर्देश दिया कि 22 अक्टूबर 2026 तक ऐसे मतदाताओं की बूथवार सूची (Booth-wise List) तैयार की जाए, जिनकी दो बार नोटिस सुनवाई (Notice Hearing) के बावजूद आवश्यक दस्तावेज (Required Documents) प्राप्त नहीं हुए हैं। नवंबर के पहले सप्ताह में बीएलओ (Booth Level Officer) एवं बीएलए-2 (Booth Level Agent-2) की 5वीं बैठक निर्धारित की जानी है। उक्त बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के बीएलए-2 को यह सूची साझा की जाएगी तथा सभी संबंधित मतदान केंद्रों (Polling Stations) पर इसका प्रकाशन (Publication) भी किया जाए, ताकि संबंधित व्यक्तियों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता दी जा सके।

पात्र भारतीय नागरिकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया

के. रवि कुमार ने कहा कि यदि सत्यापन में किसी व्यक्ति का नाम अन्य राज्य अथवा विधानसभा क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज पाया जाता है और वह संबंधित मतदान केंद्र की सूची में अपना नाम नहीं रखना चाहता, तो नियमानुसार आवश्यक प्रक्रिया पूरी करते हुए नाम विलोपित करने की कार्रवाई की जाए। मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी बीएलओ को अपने रजिस्टर में वैसे नए एवं युवा पात्र भारतीय नागरिकों की सूची तैयार करने का निर्देश दिया जिन्हें फॉर्म-6 के माध्यम से पंजीकरण के लिए आवेदन दिया है, किंतु घोषणा पत्र के लिए आवश्यक सहायक दस्तावेज उपलब्ध कराने में असमर्थ हैं। ऐसे आवेदकों से संपर्क कर उन्हें दस्तावेज उपलब्ध कराने में सहायता प्रदान की जाए, ताकि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे।

डिजिटलीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया

बैठक में फॉर्म-6 एवं फॉर्म-8 के आवेदनों तथा नोटिस सुनवाई के बाद पारित स्पीकिंग ऑर्डर के ECINET पर डिजिटलीकरण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया।  के. रवि कुमार ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में  कार्यों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा। इस अवसर पर राज्य ट्रेनिंग नोडल पदाधिकारी  देव दास दत्ता, उप निर्वाचन पदाधिकारी धीरज कुमार ठाकुर, अवर निर्वाचन पदाधिकारी सुनील कुमार, सहित संबंधित जिलों के उप निर्वाचन पदाधिकारी,  ईआरओ, एईआरओ वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से उपस्थित रहे।


 

Tags - Jharkhand Voters ERO BLO Election