रांची
झारखंड के विभिन्न विद्यालयों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षक 13 माह से लंबित मानदेय भुगतान की मांग को लेकर रांची पहुंचे। जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो के नेतृत्व में मोराबादी बापू वाटिका से अल्बर्ट एक्का चौक तक शक्ति प्रदर्शन करते हुए पदयात्रा निकाली गई। शहीद चौक पहुंचते ही पुलिस प्रशासन ने पदयात्रा को रोक दिया और प्रदर्शनकारियों को जिला स्कूल मैदान की ओर भेज दिया। लेकिन कुछ देर बाद सभी प्रदर्शनकारी प्रशिक्षक फिर से अल्बर्ट एक्का चौक की ओर निकल गए। इस दौरान देवेन्द्र नाथ महतो और पुलिस प्रशासन के बीच तीखी बहस हुई। इसके बाद माहौल गर्म हो गया और भारी बारिश में भींगते हुए प्रदर्शनकारियों ने घंटों अल्बर्ट एक्का चौक पर प्रदर्शन किया। जेईपीसी और हेमंत सरकार के विरोध में जमकर नारेबाज़ी की गई।

पुलिस पर आंदोलन कुचलने का आरोप
मौके पर जेएलकेएम केन्द्रीय वरीय उपाध्यक्ष एवं आंदोलनकारी नेता देवेन्द्र नाथ महतो ने कहा कि पुलिस प्रशासन हमारे आंदोलन को कुचलना चाहता है, लेकिन हमलोगों ने कभी भी हक की लड़ाई में झुकना नहीं सीखा है तथा अन्याय के आगे रुकना नहीं सीखा है। उन्होंने कहा कि झारखंड के विभिन्न जिलों में कार्यरत व्यवसायिक प्रशिक्षक लगातार अपने कर्तव्यों का पालन करते हुए विद्यार्थियों को व्यावसायिक शिक्षा दे रहे हैं। बावजूद इसके, पिछले 13 महीनों से मानदेय का भुगतान नहीं होना बेहद चिंताजनक है। इससे प्रशिक्षकों और उनके परिवारों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। सरकार को इस मामले में तुरंत पहल करनी चाहिए।
झारखंड राज्य वित्तपोषित व्यवसायिक प्रशिक्षक संघ के अध्यक्ष देव प्रकाश, उपाध्यक्ष प्राण सौरभ, सचिव मनोज कुमार महतो एवं कोषाध्यक्ष अमरेंद्र कुमार ने कहा कि कई बार विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ। इसलिए माँग पूरी होने तक आंदोलन विभिन्न स्वरूपों में जारी रहेगा।
